Home लेटेस्ट न्यूज़ ट्रेन की चपेट में आने से पैथोलॉजिस्ट की मौत:बस्ती में रेलवे ट्रैक...

ट्रेन की चपेट में आने से पैथोलॉजिस्ट की मौत:बस्ती में रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच जारी

0
0


बस्ती के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र बनतला में शनिवार सुबह एक पैथोलॉजिस्ट की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। 31 वर्षीय शशांक शुक्ल उर्फ अमित कुमार शुक्ल घर के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसे का शिकार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई। बनतला निवासी शशांक शुक्ल अपने घर के पास स्थित रेलवे लाइन को पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक शशांक शुक्ल क्षेत्र के भिटिया चौराहे पर अपनी पैथोलॉजी लैब चलाते थे। वह अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके पिता विनोद कुमार शुक्ल प्रतापगढ़ जिले में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दादा देशराज नारंग इंटर कॉलेज वाल्टरगंज से शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। शशांक की असामयिक मृत्यु से उनके परिवार में गहरा दुख है। उनके परिवार में पत्नी अंकिता, माता दमयंती, दो पुत्रियां शानवि व लाडो और एक पुत्र नंदन हैं। इस घटना से गांव में भी शोक का माहौल है और आसपास के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here