Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश सुप्रीम कोर्ट ने सेंथिल बालाजी मामले में राजनीतिक दखलअंदाजी पर उठाए सवाल,...

सुप्रीम कोर्ट ने सेंथिल बालाजी मामले में राजनीतिक दखलअंदाजी पर उठाए सवाल, जताई चिंता

पीटीआई, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को आपराधिक अभियोजन में राजनीतिक कार्यपालिका के कथित दखल पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार बदलने के साथ अक्सर अभियोजन का रुख भी बदल जाता है।

चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जायमाल्या बागची व जस्टिस वी.मोहना की पीठ तमिलनाडु के पूर्व मंत्री वी. सेंथिल बालाजी से जुड़े नौकरी के बदले नकदी मामले से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान पीठ ने यह टिप्पणी की।

संक्षिप्त में चीफ जस्टिस ने कहा कि आपराधिक न्याय प्रशासन का सबसे खराब पहलू यह है कि अभियोजन का स्वरूप राजनीतिक कार्यपालिका के स्वरूप के साथ बदल जाता है।

जस्टिस बागची ने चीफ जस्टिस की बात से सहमति जताते हुए कहा कि एक सरकार मामले को आगे बढ़ाने में टालमटोल करती है, तो दूसरी सरकार बहुत जल्दबाजी करती है। अभियोजन में कुछ तो विवेक और संतुलन रहना चाहिए।

ये टिप्पणियां तब आईं जब टीवीके सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव शखधर ने कहा कि मामले में कुछ जल्दी की जरूरत है।

बालाजी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पीठ से आग्रह किया कि शीर्ष अदालत में सुनवाई होने तक निचली अदालत आरोप तय करने की दिशा में कोई कदम न उठाए।

पीठ ने लंबित आवेदनों के दायरे पर विचार किया और कहा कि विविध आवेदनों में सांसदों से जुड़े मामलों की सुनवाई करने वाली सत्र अदालत में लंबित चार मामलों की सुनवाई पूरी करने के निर्देश देने की मांग की गई है।

शखधर ने स्पष्ट किया कि इनमें से तीन मामलों के आवेदन आरोपमुक्ति और आरोप तय करने से संबंधित हैं। इस पर पीठ ने आगाह किया कि शीर्ष अदालत के मामले पर विचार करने से पहले ऐसा कोई कदम न उठाया जाए, जिससे आरोपी के हितों पर प्रतिकूल असर पड़े।

चीफ जस्टिस ने कहा कि उन पर गंभीर आरोप हो सकते हैं, लेकिन उन्हों सुने बिना दोषी न ठहराएं।पीठ ने कार्यवाही में देरी पर भी चिंता जताई। उसने कहा कि आपराधिक मामले 2021 और 2022 में दर्ज किए गए थे, जबकि 2026 में उन पर सुनवाई हो रही है।

शखधर ने कहा कि मामले पिछली सरकार के कार्यकाल से जुड़े हैं, मौजूदा सरकार से नहीं। इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि अदालत को इस बात से सरोकार नहीं है कि मामले शुरू होने के समय सत्ता में कौन-सी सरकार थी।

पीठ ने कहा कि वह आदेश में कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं कर रही है, लेकिन अभियोजन पक्ष से निष्पक्ष और तर्कसंगत तरीके से काम करने की अपेक्षा करती है।

पीठ ने मामले को आगे की सुनवाई के लिए 11 दिसंबर को सूचीबद्ध किया। यह मामला बालाजी के तमिलनाडु के परिवहन मंत्री रहने के दौरान नौकरी के बदले नकदी के गिरोह के आरोपों से जुड़ा है।