जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस एसआइआर-वोट चोरी के खिलाफ अपने अभियान के क्रम में संविधान दिवस के दिन गुरूवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में लखनऊ में विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला बोलेगी।
पहले 26 नवंबर को दिल्ली में कार्यक्रम की घोषणा की गई थी। मगर पार्टी ने अब लखनऊ में इस मुद्दे को गरमाने का फैसला किया है और इस कदम को उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव की आहट को देखते हुए उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने प्रारंभ में विपक्षी दलों को साथ लेकर जंतर-मंतर, इंडिया गेट, राजघाट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक विरोध मार्च निकाला था।
कांग्रेस की ओर से बीते एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष की साझा बड़ी रैली का भी आयोजन किया गया।
लखनऊ में खरगे के संविधान दिवस के मौके पर वोट चोरी के मुद्दे को उठाने की घोषणा करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी एक पार्टी की नहीं बल्कि इसकी है कि क्या भारत एक लोकतंत्र बना रहेगा या नहीं। इसलिए कांग्रेस संविधान दिवस के दिन पूरे देश में हर प्रदेश कांग्रेस समिति अपने राज्य में एक विशाल ””संविधान रक्षा मार्च”” आयोजित कर रही है जिसमें संविधान की रक्षा करने की शपथ ली जाएगी।

















