Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश ‘कानूनी पेशे में बढ़े महिलाओं की भागीदारी’, सीजेआई सूर्यकांत की वरिष्ठ वकीलों...

‘कानूनी पेशे में बढ़े महिलाओं की भागीदारी’, सीजेआई सूर्यकांत की वरिष्ठ वकीलों से अपील

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने कानूनी पेशे में महिलाओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर जोर दिया है।

उन्होंने वरिष्ठ वकीलों से अपील की कि वे अपने चैंबर में नियुक्त प्रत्येक तीन जूनियर वकीलों में कम से कम एक महिला वकील को जरूर शामिल करें। साथ ही महिला वकीलों को अधिक संख्या में पैनल वकील नियुक्त करने की भी जरूरत बताई।

बुधवार को नई दिल्ली के सिरि फोर्ट स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में आयोजित शशि प्रभा सिंह स्मृति पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए सीजेआई ने कहा कि कानूनी पेशे में महिलाओं के लिए समान अवसर सुनिश्चित करना जरूरी है। इस अवसर पर चार युवा महिला वकीलों को उनके योगदान और संभावनाओं के लिए सम्मानित किया गया।

मोनिका धीमान को न्याय प्रभा रत्न, हुमा अंजुम और प्रियंशी कुमारी को संयुक्त रूप से न्याय प्रभा गौरव तथा कावना राव को न्याय प्रभा सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कारों के साथ उनके कानूनी करियर को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता भी दी गई।

यह पुरस्कार वरिष्ठ अधिवक्ता और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विकास सिंह की दिवंगत मां शशि प्रभा सिंह की स्मृति में शुरू किए गए हैं। कार्यक्रम में 1983 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कपिल देव भी मौजूद रहे। उन्होंने क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया और पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)