Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश अलनीनो और मानसून की चुनौती के बीच खाद्यान्न का नया रिकॉर्ड, गेहूं-चावल...

अलनीनो और मानसून की चुनौती के बीच खाद्यान्न का नया रिकॉर्ड, गेहूं-चावल की रिकॉर्ड उपज से मिली मजबूती

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अलनीनो, मानसून में देरी और बारिश में उतार-चढ़ाव के बावजूद खाद्यान्न उत्पादन ने नया कीर्तिमान बनाया है। 2025-26 में खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 208.06 लाख टन अधिक है।

मौजूदा खरीफ सत्र में भी विपरीत मौसम के बावजूद 1671.43 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन ज्यादा है।

हालांकि, यह सरकार के सितंबर में तय किए गए 1962.10 लाख टन के खरीफ लक्ष्य से करीब 291 लाख टन कम है। फिर भी स्पष्ट है कि मौसम की मार ने उत्पादन की संभावनाओं को प्रभावित तो किया, लेकिन खाद्यान्न उत्पादन की रफ्तार पूरी तरह कम नहीं हो पाई।

यह प्रथम अग्रिम अनुमान है और कटाई तथा आगे मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर इनमें संशोधन संभव है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को 2025-26 के प्रमुख कृषि उत्पादों के अंतिम अनुमान और 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी किए। महत्वपूर्ण बात यह है कि पिछले वर्ष की रिकॉर्ड पैदावार के बाद भी पैदावार बढ़ी है।

चावल और गेहूं की उपज में वृद्धि ने इस उपलब्धि में बड़ी भूमिका निभाई है। 2025-26 में चावल का उत्पादन 1551.54 लाख टन और गेहूं का 1220.64 लाख टन रहा। दोनों फसलों ने अब तक का सर्वाधिक उत्पादन दर्ज किया। इससे देश के खाद्यान्न और समृद्ध हुआ।

हालांकि, मौसम की चुनौती अभी टली नहीं है। अलनीनो की आशंका और मानसून की अनिश्चितता को देखते हुए सितंबर में 2026-27 के खाद्यान्न उत्पादन लक्ष्य को घटाकर 3739.30 लाख टन कर दिया गया था।

खरीफ का पहला अग्रिम अनुमान भी इसी दबाव की ओर संकेत करता है। पिछले पांच वर्षों के औसत से बेहतर उत्पादन की उम्मीद जरूर है, लेकिन लक्ष्य से काफी पीछे रहना बताता है कि प्रतिकूल मौसम की भरपाई पूरी तरह नहीं हो सकी है। खरीफ उत्पादन में चावल की प्रमुख हिस्सेदारी रह सकती है।

चालू सत्र में 1219.05 लाख टन चावल पैदा होने की उम्मीद

चालू सत्र में 1219.05 लाख टन चावल पैदा होने की उम्मीद है। वहीं मोटे और पोषक अनाज का उत्पादन 381.05 लाख टन रह सकता है। मक्का की हिस्सेदारी 260.64 लाख टन होगी। इससे यह भी पता चलता है कि खाद्यान्न उत्पादन में अब केवल गेहूं और चावल ही नहीं, बल्कि मक्का एवं अन्य मोटे अनाज भी महत्वपूर्ण हैं। हालांकि, खरीफ के कुल उत्पादन अनुमान को पिछले पांच वर्षों के औसत से ऊपर बनाए रखने में इन फसलों की भूमिका कितनी रही है, इसका आकलन अंतिम आंकड़ों से ही स्पष्ट होगा।

पिछले वर्ष मक्का और दलहन का प्रदर्शन भी रहा अच्छा

पिछले वर्ष में मक्का और दलहन का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। मक्का उत्पादन 550.25 लाख टन तक पहुंच गया, जबकि दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन रहा। मूंग ने 43.96 लाख टन के साथ रिकॉर्ड बनाया। तिलहन उत्पादन भी बढ़कर 432.55 लाख टन के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचा।

इन आंकड़ों का महत्व इसलिए अधिक है कि चावल-गेहूं के पर्याप्त भंडार के बावजूद भारत को दालों और खाद्य तेलों की मांग पूरी करने के लिए आयात पर निर्भर रहना पड़ता है। यही कारण है कि सरकार अब खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के साथ फसल विविधीकरण पर जोर दे रही है। दलहन और तिलहन के राष्ट्रीय मिशनों के जरिये आयात निर्भरता घटाने की कोशिश हो रही है।