डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हम जिस बोतलबंद पानी (मिनरल वॉटर) को सबसे ज्यादा शुद्ध और सुरक्षित मानकर खरीदते हैं अब उसकी ही गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। देश में खाने पीने की चीजों की सुरक्षा तय करने वाली संस्था FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ कानूनी केस चलाने की मंजूरी दे दी है।
22 नवंबर को नियामक ने बताया कि बिसलेरी पानी के एक सैंपल में ब्रोमेट और PAH पाया गया है। हालांकि बिसलेरी ने पानी के सुरक्षित होने का दावा किया है।
लेकिन अब सवाल ये उठता है कि आखिर बोतलबंद पानी में ब्रोमेट और PAH कैसे पहुंचा, ये शरीर में क्या असर डालते हैं और आम लोग कैसे पहचानें कि पानी सुरक्षित है या नहीं चलिए जानते हैं।
सवाल-1 बिसलेरी में खतरनाक केमिकल मिलने का आखिर पूरा मामला क्या है?
इस पूरे मामले की शुरुआत होती है 30 सितंबर 2025 से, जब FSSAI की टीम ने बिसलेरी के गोवा प्लांट से पानी के 6 सैंपल लिए। FSSAI की शुरुआती जांच में 5 सैंपल पास हो गए, लेकिन छठा सैंपल पास नहीं हो पाया क्योंकि इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली।
कंरनी ने 22 नवंबर 2025 को इस नतीजे के खिलाफ अपील की। जिसके बाद सैंपल दोबारा जांच के लिए रेफल लैब भेजा गया। इस बार पानी में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन यानी PAH भी पाया गया, जो पैकेज्ड पानी में नहीं होना चाहिए।
इसी जांच की रिपोर्ट के आधार पर 22 नवंबर 2026 को FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी, यानी अब कंपनी पर कानूनी केस चल सकेगा।
लेकिन 23 नवंबर को बिसलेरी ने इस मामले पर अपनी सफाई दी और कहा कि उसके प्रोडक्ट्स के 90 से ज्यादा क्वालिटी टेस्ट होते हैं। उनका पानी पूरी तरह सुरक्षित हैं। कंपनी के मुताबिक, उसने उसी सैंपल की जांच FSSAI से मंजूर एक और लैब में कराई। वहां ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अंदर निकली।
इस रिपोर्ट को कंपनी ने 2 फरवरी 2026 को FSSAI में जमा किया। इसके बाद न कोई जवाब आया और न ही कोई नोटिस आया। इसलिए कंपनी ने मान लिया की मामला खत्म हो गया।
सवाल-2 सैंपल में मिला ब्रोमेट आखिर क्या है और ये शरीर पर क्या असर करता है?
ब्रोमेट एक केमिकल है, जो बहुत कम मात्रा में पानी में घुल जाता है। ब्रोमेट का इस्तेमाल कपड़ों की रंगाई यानी डायिंग में होता है। ब्रोमेट पहले ब्रेड और पाव के आटे में डाला जाता था, ताकि ब्रेड ज्यादा फूले।
बेक करने के बाद इसके अंश ब्रेड में रह जाते हैं, इसलिए भारत, यूरोप और ब्रिटेन ने खाने में ब्रोमेट के इस्तेमाल पर रोक लगा दी।
ब्रोमेट से शरीर में दो तरह से असर होता है..
एक साथ ज्यादा ब्रोमेट शरीर में जाने से उल्टी, दस्त, पेट दर्द, चक्कर, सुस्ती, किडनी फेल होना और सुनने की क्षमता चली जाने की आशंका होती है। ऐसे ज्यादातर मामले गलती से हेयर केमिकल पी लेने के रहे हैं।
लंबे समय तक ब्रोमाइट के सेवन से किडनी की कोशिकाओं को नुकसान, DNA को नुकसान, और कैंसर का खतरा बढ़ने की भी आशंका बढ़ जाती है।
इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने ब्रोमेट को कार्सिनोजेन, यानी कैंसर पैदा करने वाला तत्व बताया है।
चूहों पर हुई रिसर्च में ब्रोमेट से किडनी, थायरॉइड और पेट का कैंसर हुआ। इंसानों में अभी यह सीधे साबित नहीं हुआ है, इसलिए पानी ब्रोमेट की मात्रा नियंत्रित करने के लिए कहते हैं।
अब सवाल ये है कि बिसलेरी की बोतल में ब्रोमेट कैसे पहुंचा?
वॉटर प्यूरिफिकेशन के लिए पानी में ओजोन गैस (O₃) डालते हैं, जो कीटाणुओं को मारती है। लेकिन पानी में ब्रोमाइड होता है, जो ओजोन से रिएक्ट करके ब्रोमेट बनाता है।
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के मुताबिक एक लीटर पीने के पानी में 10 माइक्रोग्राम से ज्यादा ब्रोमेट नहीं होना चाहिए। 1 माइक्रोग्राम, 1 ग्राम का 10 लाखवां हिस्सा होता है।
सवाल-3 PAH क्या है और शरीर के लिए कितना खतरनाक है?
कोयला, पेट्रोल, डीजल, प्लास्टिक, या दूसरी चीजों के अधूरे जलने पर PAH बनता है। गाड़ियों और इंडस्ट्रीज से निकलने वाले धुए, खराब मिट्टी, ज्यादा तापमान में पके खाने में भी PAH हो सकता है।
PAH कोई एक केमिकल नहीं है बल्कि ये 100 से ज्यादा केमिकल कम्पाउंड्स का समूह है। हालांकि सभी PAH खतरनाक नहीं होते।
लेकिन जो PAH खतरनाक होते हैं उनसे कई रिस्क हो सकते हैं जैसे PAH फैमिली के एक सदस्य बेंजो(ए)पाइरीन को IARC ने कैंसर कारक बताया है। ऐसे कुछ और भी PAH हैं। कुछ PAH प्रजनन, मनुष्यों के विकास और इम्यून-सिस्टम पर असर डाल सकते हैं।
अब सवाल ये भी कि आखिर बिसलेरी की बोतल में PAH कैसे पहुंचा?
ब्रोमेट की तरह PAH प्यूरिफिकेशन के दौरान नहीं बनता, लेकिन प्रोसेस में चूक से पानी में रह जाता है। अगर स्रोत से आए पानी में PAH वाला इंडस्ट्रियल वेस्ट मिला हो, प्यूरिफिकेशन के फिल्टरों की मरम्मत नहीं हुई हो, जिससे वो PAH सोख न पाएं, पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल हो रही प्लास्टिक बोतलें PAH से दूषित हो या स्टोरेज के दौरान PAH से संपर्क हुआ हो तो पानी दूषित हो जाता है।
सवाल-4 बोतल बंद पानी सुरक्षित है या नहीं कैसे करें पहचान?
पानी में पाए जाने वाले हानिकारक रसायन खुली आंखों से नहीं दिखते। पानी पीने पर इनका अलग स्वाद या गंध भी नहीं आती, इसलिए इनकी पहचान नहीं की जा सकती। FSSAI खुद कहता है कि सिर्फ पानी के साफ दिखने से उसे सुरक्षित नहीं माना जा सकता है। लेकिन फिर भी कंज्यूमर्स को कुछ जांच करनी चाहिए।
1. बोतल की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट कंफर्म करने के बाद ही पानी लें।
2. अगर बोतल का लेबल फीका, कटा-फटा या गलत तरीके से चिपका हो तो उसे न खरीदें।
3. सीलबंद बोतल ही लें। बोतल के कैप के नीचे लगी हुई सुरक्षा रिंग पूरी तरह ठीक और कसी हुई हो। बोतल में कोई दरार, लीकेज या डेंट न हो।
4. कंज्यूमर को ध्यान रखें कि बोतल खोलते ही सड़े अंडे जैसी, केमिकल या मिट्टी जैसी अजीब गंध न आए। स्वाद सामान्य पानी जैसा हो। अगर प्लास्टिक जैसा या कड़वा स्वाद आए तो न पीएं। धूप या गर्मी वाली जगह रखा पानी न खरीदें।
5. इसके साथ ही बोतल पर ब्रांड के FSSAI लाइसेंस रजिस्ट्रेशन नंबर चेक करें। यह 14 अंकों का नंबर होता है, जिसे FoSCoS पोर्टल पर डालकर पता कर सकते हैं कि कंपनी का लाइसेंस एक्टिव, कैंसिल, एक्सपायर या सस्पेंड है।
हालांकि पानी के बैक्टरिया, ब्रोमेट, पेस्टीसाइट की जांच लैब में ही होती है। कंज्यूमर्स इसे घर में नहीं जांच सकते। लेकिन अगर खरीदे हुए पानी में कोई समस्या लगती है, तो FSSAI की हेल्पलाइन नंबर 1800-11-2100 पर शिकायत कर सकते हैं।
सवाल-5 अब इस पूरे मामले में आगे क्या होगा?
FSSAI ने बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की इजाजत दे दी है। अब यह पूरा मामला कोर्ट जाएगा। जहां बिसलेरी को भी पक्ष रखने का मौका मिलेगा। फैसला आने पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम की धारा 59 के तहत अगर दूषित भोजन से किसी को हानि या मृत्यु नहीं हुई है, तो 3 महीने की कैद और 3 लाख तक का जुर्माना लग सकता है।
लेकिन बिसलेरी दो टेस्ट में अलग-अलग रिपोर्ट और नोटिस न भेजे जाने की दलीलें देकर कोर्ट में केस मजबूत कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब FSSAI पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली बाकी कंपनियों के सैंपल्स की भी जांच करेगी।
शुद्ध पानी में कितनी होनी चाहिए TDS की मात्रा
शुद्ध और सेहत के लिए TDS की सबसे शुद्ध और अच्छी मात्रा 150–300 ppm मानी जाती है।

शुद्ध पानी में कितनी होनी चाहिए pH की मात्रा
पीने के पानी के लिए आदर्श और सुरक्षित रेंज 6.5 से 8.5 मानी जाती है। 7 की रेंज को उदासीन माना गया है।

कितने स्टेप्स में तैयार होता है बिसलेरी का पानी ?
अब ये भी जान लीजिये की आखिर बिसलेरी का पानी कितने स्टेप्स में तैयार होता है। तो बिसलेरी इंडिया के मुताबिक बिसलेरी का पानी कुल 10 स्टेप्स में तैयार होता है।
स्टेप-1:-वॉटर कलेक्शन: ग्राउंड वॉटर या नदियों से पानी इकट्ठा कर बड़े कंटेनर्स में स्टोरेज किया जाता है।
स्टेप-2:- ओजोनाइजेशन: पानी में ओजोन गैस मिलाकर माइक्रोऑग्रेनिज्म को मारना। यह क्लोरीन से 50 गुना ताकतवर और 3000 गुना तेज काम करती है।
स्टेप-3:- सैंड फिल्ट्रेशन:पानी को सिलिका रेत की कई परतों से गुजारना, जिससे बड़े कण छनकर अलग हो जाएं।
स्टेप-4:- कार्बन फिल्ट्रेशन: पानी को एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर से गुजारना, ताकि पानी में घुली गंध, खराब स्वाद और दूसरी अशुद्धियों को कार्बन सोख ले।
स्टेप-5:-रिवर्स ऑस्मोसिस: पानी को हाई प्रेशर के साथ झिल्ली (सेमी- परमीएबल मेम्ब्रेन) से गुजारना, जिससे लेड, आर्सेनिक, अतिरिक्त नमक और सूक्ष्म कीटाणु अलग हो जाएं।
स्टेप-6:- मिनरलाइजेशन: ऊपर की प्रक्रिया में कुछ जरूरी प्राकृतिक मिनरल्स भी पानी से निकल जाते हैं। इसलिए पानी में मेग्नीशियम और पोटैशियम मिलाते हैं।
स्टेप-7:- माइक्रोन फिल्ट्रेशन इंसान के बाल की मोटाई से भी 100-150 गुना पतले फिल्टर से पानी को गुजारना। ताकि सबसे छोटे दूषित तत्व भी फिल्टर हो जाएं।
स्टेप-8:- री-ओजोनाइजेशन बोतल में भरने से पहले एक बार फिर पानी को ओजोन गैस से साफ करना।
स्टेप-9:- बॉटलिंग ऑटोमैटिक मशीनों से स्टरलाइज्ड बोतलों में पानी भरकर सील बंद करना।
स्टेप-10:- क्वालिटी एश्योरेंस बोतलें बैच में पैक होती है। हर बैच की एक बोतल का लैब में टेस्ट होता है। पास होने पर बेचने के लिए भेजा जाता है।
यह भी पढ़ें- Bisleri सैंपल विवाद के बाद एक्शन में सरकार, देशभर में सभी बोतलबंद ब्रांड्स के पानी की होगी जांच
















