Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश सट्टा किंग पर ED का शिकंजा: महादेव एप प्रमोटर सौरभ के ठिकानों...

सट्टा किंग पर ED का शिकंजा: महादेव एप प्रमोटर सौरभ के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, कई शहरों में ली गई तलाशी

जेएनएन, रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को सुबह रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में एक साथ छापेमारी की। रायपुर के वीआइपी रोड स्थित होटल, क्लब और मनोरंजन कारोबार से जुड़े सात होटल और क्लब जांच के केंद्र में रहे।

ईडी की अलग-अलग टीमें इन प्रतिष्ठानों में पहुंचीं और करीब दो घंटे तक दस्तावेजों, निवेश तथा वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकार्ड खंगालती रहीं।

जांच के बाद टीमें अपने साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर रवाना हुईं। महादेव सट्टा के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर का रायपुर में करीब 200 करोड़ रुपये का निवेश बताया जा रहा है।

ईडी को आशंका है कि सट्टे से अर्जित रकम को होटल, क्लब, रेस्टोरेंट और मनोरंजन कारोबार में निवेश कर वैध व्यावसायिक गतिविधियों के रूप में दिखाने की कोशिश हो सकती है।

इसी निवेश से जुड़े लोगों, कारोबारी साझेदारों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियां खंगालने के लिए कार्रवाई की गई। ईडी यह पता लगाने में जुटी है कि निवेश की रकम कहां से आई, किन लोगों के माध्यम से कारोबार में लगाई गई और वास्तविक लाभार्थी कौन हैं।

15 करोड़ लेने वाला वकील हिमांशु म्यूजिक कंपनी का भी पार्टनर

महादेव सट्टा मामले में गिरफ्तार दिल्ली के अधिवक्ता हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक का करोड़ों रुपये की म्यूजिक कंपनी से भी जुड़ाव सामने आया है। वह ओसीएम रिकार्ड नामक म्यूजिक कंपनी का को-फाउंडर बताया जा रहा है।

कंपनी के गानों में हास्य कलाकार हर्ष गुजराल और फुकरा इंसान जैसे चर्चित चेहरे काम कर चुके हैं।

जांच में दिल्ली के लाजपत नगर स्थित यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड में भी हिमांशु की 75 प्रतिशत हिस्सेदारी सामने आई है। उसकी मंगेतर चित्रांशी ध्यानी एक्ट्रेस और सिंगर हैं। ईडी अब इन कंपनियों में निवेश, कारोबार और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।

हर्ष, खुल्लर-जी और फुकरा इंसान के साथ गाने

ओसीएम रिकॉर्ड के गानों में चित्रांशी ध्यानी कई चर्चित चेहरों के साथ काम कर चुकी हैं। ‘चीटर’ गाने में उनके साथ हर्ष गुजराल और खुल्लर जी नजर आए, जबकि ‘बिग लाइफ रिटर्न्स’ में फुकरा इंसान यानी अभिषेक मल्हान दिखाई दिए। इसके अलावा ‘अल्फाज’, ‘टिम टिम’, ‘गुड बाय मायसेल्फ’ और ‘रास्ता तुम्हारा’ जैसे गानों में भी चित्रांशी ने काम किया है।