डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राष्ट्रीय सुरक्षा के बजाय वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी। भाजपा ने यह भी सवाल उठाया कि आतंकी खतरे की चेतावनियों के बावजूद समय पर निर्णायक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
26/11 के मुंबई आतंकी हमले के बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने पाकिस्तान पर हमला क्यों नहीं किया? पार्टी ने आरोप लगाया कि वोट बैंक की राजनीति के चलते कांग्रेस ने पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी।
26 नवंबर, 2008 को पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे लश्कर-ए-तैयबा के भारी हथियारों से लैस 10 आतंकियों ने महानगर में कई जगह भीषण हमले किए थे। इनमें विदेशियों समेत 166 लोग मारे गए थे और 300 से अधिक घायल हुए थे। यह भारत के किसी शहर में हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक था।
एक्स पर पोस्ट में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान यूपीए सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और खुफिया चेतावनियों के बावजूद सुरक्षा में हुई चूकों के लिए जवाबदेही की मांग की। उन्होंने कहा-“26/11 भारत के इतिहास का वह काला अध्याय है, जिसे उस समय कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों के साथ याद किया जाएगा।”
हमलों में मारे गए लोगों का जिक्र करते हुए अग्रवाल ने कहा-” 166 निर्दोष भारतीयों ने जान गंवाई। परिवार बिखर गए। मांओं की गोद सूनी हो गई। बच्चों ने अपने पिता का सहारा खो दिया। लेकिन देश के सामने आज भी वही सवाल है- आतंकी खतरे की चेतावनियों पर समय रहते निर्णायक कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
इस बीच, भाजपा के कई नेताओं ने 2008 के आतंकी हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षाकर्मियों को याद किया।
भाजपा के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी कांग्रेस से तीन सवाल पूछे
- 26/11 के बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने पाकिस्तान पर हमला क्यों नहीं किया?
- कांग्रेस ने मुंबई हमले को ‘आरएसएस की साजिश’ बताकर पाकिस्तान को क्लीन चिट क्यों दी?
- 26/11 के मुंबई आतंकी हमले के कुछ ही दिन बाद राहुल गांधी पार्टी क्यों कर रहे थे?
राजनाथ बोले- भारत हर तरह के आतंकवाद को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुरक्षा कर्मियों के साहस, वीरता और समर्पण की सराहना की, जिन्होंने आतंक के खिलाफ डटकर मुकाबला किया। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के सभी रूपों को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की बात कही और कहा कि भारत इस मुद्दे पर कभी समझौता नहीं करेगा।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
















