डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। खाने-पीने की वस्तुओं में मिलावट की पहचान अब बच्चे भी आसानी से कर सकेंगे। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बच्चों को खाद्य पदार्थों में मिलावट पहचानने के तरीके सिखाने के लिए नई दिल्ली के भारत मंडपम में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इंडिया ट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन (आइटीपीओ) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पोर्टेबल टेस्टिंग किट के जरिये खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच का प्रदर्शन किया गया। पोर्टेबल किट से उन जगहों पर जांच की जा सकती है, जहां प्रयोगशाला की सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हैं।
इस दौरान एफएसएसएआई की फूड सेफ्टी आन व्हील्स पहल और ‘फूड सेफ्टी मैजिक बाक्स’ के बारे में जानकारी दी गई। एफएसएसएआइ के अधिकारी मृत्युंजय आनंद ने बताया कि ‘फूड सेफ्टी आन व्हील्स’ पहल का उद्देश्य दूरदराज के गांवों तक लोगों को खाद्य पदार्थों की मिलावट की जांच की सुविधा देना है।
‘फूड सेफ्टी मैजिक बाक्स’ पोर्टेबल जांच किट है, जिसका इस्तेमाल खाद्य पदार्थों के अलग-अलग नमूनों की जांच के लिए किया जा सकता है। ‘फूड सेफ्टी मैजिक बाक्स’ से सात श्रेणियों के 107 अलग-अलग खाद्य नमूनों की जांच की जा सकती है।
सोर्स- न्यूज एजेंसी ANI के इनपुट के अनुसार
















