Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश मिशन 360: परिसीमन विधेयक को पारित कराने के कितना करीब है सरकार?...

मिशन 360: परिसीमन विधेयक को पारित कराने के कितना करीब है सरकार? समझें लोकसभा का पूरा गणित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक को पास कराने के लिए 360 के जादुई आंकड़े तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अगर सभी समीकरण और परिस्थितयां उनके पक्ष में रहीं तो वे इस आंकड़े के काफी करीब पहुंच सकते हैं।

केंद्र सरकार की यह कोशिश इस बात पर टिकी है कि जो पार्टियां पहले इस विधेयक का विरोध कर रही थीं – यानी DMK और NCP (SP) – वे अब इसका समर्थन करने के लिए तैयार हो जाएं।

उनका रुख बदलने की मुख्य वजह राज्यों में सीटों की संख्या में 50% की बढ़ोतरी है; सरकार इसे मानने और विधेयक के मसौदे में शामिल करने के लिए तैयार दिख रही है।

50 प्रतिशत सीटें बढ़ने की शर्त से कैसे बदलेगा खेल?

सरकार के इस नए फॉर्मूले पर दोनों ही दलों ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार ने अपने सभी 8 सांसदों को व्हिप जारी कर विशेष सत्र के दौरान सदन में मौजूद रहने को कहा है।

पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने भी साफ संकेत दिए हैं कि अगर 50% सीटें बढ़ने का पक्का आश्वासन मिलता है, तो उनकी पार्टी बिल का समर्थन कर सकती है। पार्टी नेताओं ने भी इस मुद्दे पर शरद पवार के फैसले के साथ रहने की बात कही है।

तमिलनाडु में कांग्रेस से अलग होने और ‘INDIA’ गठबंधन से बाहर निकलने के बाद, 22 सांसदों वाली DMK ने भी इस विधेयक के प्रति अपना कड़ा विरोध कुछ कम कर दिया है।

पार्टी का कहना है कि वह यह सुनिश्चित करना चाहती है कि परिसीमन के बाद भी संसद में तमिलनाडु की 7.2% हिस्सेदारी बनी रहे। अगर सरकार विधेयक में 50% सीटों की बढ़ोतरी वाली शर्त जोड़ देती है, तो उनकी यह चिंता भी दूर हो जाएगी।

पिछली बार कहां चूक गई थी सरकार?

17 अप्रैल को जब इस संविधान संशोधन विधेयक पर वोटिंग हुई थी, तब कुल 528 सांसदों ने हिस्सा लिया था। उस समय बिल के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पढ़े थे। सरकार को बहुमत के लिए 352 बोट चाहिए थे लेकिन वह 54 वोट पीछे रह गई।

सरकार के रणनीतिकारों का मानना है कि लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत के लिए लगभग 360 वोटों की जरूरत होगी (यह 540 सदस्यों की पूरी उपस्थिति पर आधारित है)। अगर कुछ सांसद सदन में नहीं आते हैं, तो यह आंकड़ा कम हो सकता है।

क्या है लोकसभा में नंबर गेम?

सदन में समर्थन का मौजूदा गणित कुछ इस तरह से बनता दिख रहा है कि NDA के पास पक्के तौर पर 319 सदस्य हैं। जिनमें में 241 BJP के हैं। इसमें तृणमूल कांग्रेस के 28 में से 20 सांसद भी शामिल हैं, जो अब एक अलग पार्टी ‘NCPI’ में चले गए हैं और NDA का समर्थन कर रहे हैं। इसके साथ ही पंजाब के शिरोमणि अकाली दल का एक सांसद भी साथ आ गया है,जिसने इस हफ्ते फिर से NDA में वापसी की है।

NCP (शरद पवार) के 8 सांसदों के जुड़ने से यह आकंड़ा 328 तक पहुंच सकता है। पार्टी की कार्यकारी सुप्रिया सुले ने साफ संकेत दिया है कि 50% का आश्वासन मिलने पर उनकी पार्टी इस पर सहमत हो सकती है।

इसमें DMK के 22 सांसदों को जोड़ने पर यह संख्या 350 हो जाती है। फिर भी, संविधान संशोधन के लिए जरूरी 2/3 बहुमत के आंकड़े से यह 10 कम है।

पिछली बार जगन मोहन रेड्डी की YSRCP (4 सांसद) सरकार के खेमे में थी। लेकिन संसद के इस विशेष सत्र की चर्चाओं के बीच पार्टी सूत्रों ने संकेत दिया है कि बिल के ड्राफ्ट को देखते हुए वे अपने रुख पर पुनर्विचार कर सकते हैं। YSRCP के 4 सांसदों के जुड़ने से केंद्र का आंकड़ा 355 तक पहुंच सकता है, जो जरूरी संख्या से सिर्फ 5 कम है।

UPPL का 1 सांसद भी इस बिल का समर्थन कर सकता है। यह पार्टी पहले असम में BJP की सहयोगी रह चुकी है। पिछली बार एक निर्दलीय सांसद ने भी इस बिल का समर्थन किया था। लेकिन बहुमत का आंकड़ा इस बात पर तय होता है कितने सांसद सदन में मौजूद हैं और वोट कर रहे हैं।

गैरहाजिर सांसदों से तय होगी बिल की किस्मत

संविधान संशोधन बिल में बहुमत पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि वोटिंग के दिन सदन में कितने सांसद मौजूद हैं। यहीं पूरी स्थिति दिलचस्प हो जाती है।

3 सांसदों की मौजूदगी पर सस्पेंस बना हुआ है। जुलाई में मॉनसून सत्र के दौरान TMC के कल्याण बनर्जी को बाकी सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया था। ऐसे में अगले हफ्ते होने वाला यह विशेष सत्र मानसून सत्र का ही हिस्सा होगा, इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें वोट देने की अनुमति मिलेगी या नहीं।

इसके अलावा 2 सांसद कश्मीर से निर्दलीय शेख रशीद और पंजाब से अमृतपाल सिंह (‘वारिस पंजाब दे’) अभी जेल में हैं। वहीं आगा रुहुल्लाह के हालिया इस्तीफे के बाद INDIA गठबंधन में शामिल नेशनल कॉन्फ्रेंस के पास अब लोकसभा में केवल 1 ही सांसद बचा है।

इसके अलावा कुछ छोटे समूह और निर्दलीय सांसद भी हैं, जो न तो NDA के साथ हैं और न ही INDIA गठबंधन के साथ। इनमें AAP (3), निर्दलीय (3), और ZPM, ASP व AIMIM (प्रत्येक के 1-1 सांसद) शामिल हैं।

अगर कुछ और सांसद सदन से नदारद रहते हैं या वोटिंग में हिस्सा नहीं लेते हैं, तो हालात सरकार के पक्ष में जा सकते हैं, क्योंकि बहुमत का फैसला उस दिन मौजूद सदस्यों के आधार पर होगा।

यह भी पढ़ें- परिसीमन बिल पर YSRCP के बाद DMK भी संसद में NDA को समर्थन देने के लिए तैयार, रखीं दो शर्तें