महराजगंज के परतावल सीएचसी परतावल में मरीजों को बाहर की दवा और जांच लिखे जाने की शिकायतों के बाद मंगलवार को सीएमओ डॉ. सुरेंद्र चौधरी ने अचानक अस्पताल का निरीक्षण किया। सीएमओ के अचानक पहुंचने से स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, दवा वितरण कक्ष, प्रयोगशाला, दंत रोग विभाग और एक्स-रे कक्ष समेत पूरे अस्पताल परिसर की व्यवस्थाओं की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने साफ शब्दों में कहा कि सरकारी अस्पताल में सुविधा होने के बावजूद मरीजों को बाहर की जांच या दवा के लिए भेजना बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा। डॉक्टरों को निर्देश दिया गया कि मरीजों की ज्यादा से ज्यादा जांच सीएचसी में उपलब्ध संसाधनों से ही कराई जाए। बाहर की पैथोलॉजी और जांच के नाम पर मरीजों के आर्थिक शोषण की शिकायतों को सीएमओ ने गंभीरता से लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि कमीशनखोरी या किसी निजी सेंटर से मिलीभगत सामने आने पर जिम्मेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। अस्पताल परिसर में निजी पैथोलॉजी या लैब से जुड़े दलालों की मौजूदगी पर भी उन्होंने सख्त नाराजगी जताई और ऐसे लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को खास जगहों पर ‘दलालों से सावधान, सीएचसी परतावल’ जैसे चेतावनी वाले स्टिकर लगाने के निर्देश दिए। इसका मकसद यह है कि मरीज किसी के बहकावे में आकर निजी सेंटरों पर न जाएं। उन्होंने साफ किया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने आए मरीजों को किसी भी तरह से बाहर भेजना गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। सीएमओ की सख्ती से अस्पताल में पूरे दिन चर्चा का माहौल रहा। अब देखना यह होगा कि निरीक्षण के बाद बाहर की दवा-जांच लिखे जाने की शिकायतों पर कितना अंकुश लगता है और विभागीय निर्देशों का पालन कितना होता है। निरीक्षण के दौरान डॉ. अनिल जायसवाल, डॉ. श्रीप्रकाश श्रीवास्तव, डॉ. पूर्णिमा जायसवाल, डाटा ऑपरेटर संजीव सिंह, बीसीपीएम अमित, फार्मासिस्ट शशिविंद मिश्रा और चंद्रभूषण सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ सीएमओ का सीएचसी परतावल में अचानक निरीक्षण:बाहरी दवा-जांच पर डॉक्टरों को चेतावनी,...




















