निचलौल के मियां मोहल्ले में मंगलवार को मीट के दाम और बांट चोरी को लेकर दो दुकानदारों में विवाद हो गया। इस दौरान चाकू चला, जो दूसरे दुकानदार को लगने के बजाय रास्ते से गुजर रहे एक युवक को लग गया। युवक घायल हो गया। पुलिस ने दोनों दुकानदारों को गिरफ्तार कर कोर्ट भेज दिया और उनकी दुकानें बंद कर दीं। पुलिस ने बताया कि मियां मोहल्ले में इम्तेयाज और गोलू उर्फ अलाउद्दीन की मीट की दुकानें हैं। 14 सितंबर को मीट के दाम और बांट चोरी को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान इम्तेयाज ने चिकन काटने वाले चाकू से गोलू पर हमला किया। लेकिन चाकू गोलू को नहीं लगा और पास से गुजर रहे मारवाड़ी मोहल्ले के हरिओम अग्रवाल को जा लगा। इससे हरिओम घायल हो गए। घटना के बाद हरिओम के पिता अजय अग्रवाल की शिकायत पर निचलौल थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस की जांच में दोनों मीट दुकानें अवैध मिलीं, जिसके बाद उन्हें बंद कर दिया गया। 15 सितंबर को पुलिस ने इम्तेयाज और गोलू उर्फ अलाउद्दीन को मियां मोहल्ले से पकड़ा और कोर्ट भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और निचलौल के क्षेत्राधिकारी रविन्द्र सिंह की देखरेख में हुई। गिरफ्तार करने वाली टीम में सब-इंस्पेक्टर अमित विश्वकर्मा, हेड कांस्टेबल नरसिंह सिंह और सिपाही सत्येन्द्र कुमार सिंह शामिल थे।




















