बांदा: सुबह घर से ड्यूटी के लिए निकले वन विभाग के संविदा कर्मी शाहिद को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर होगा।सोमवार सुबह बांदा-फतेहपुर राजमार्ग पर मुंगुस गांव के पास कूड़ा निस्तारण केंद्र के निकट पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में सड़क पर गिरे शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
तिंदवारी कस्बे के भगवती नगर निवासी सेवानिवृत्त वनकर्मी अब्दुल वारिस के 40 वर्षीय पुत्र शाहिद वन विभाग बांदा में संविदा कर्मी के रूप में तैनात थे।परिजनों के अनुसार,सोमवार सुबह वह स्कूटी से ड्यूटी के लिए जा रहे थे।मुंगुस गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शाहिद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके से भाग रहे डंपर का पीछा कर उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया।
2008 में हुई थी शादी,नहीं थी कोई संतान
शाहिद दो भाइयों में सबसे बड़े थे।उनकी शादी 6 नवंबर 2008 को फरजाना के साथ हुई थी।परिजनों के अनुसार, उनकी कोई संतान नहीं थी।अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है।पति की मौत से पत्नी फरजाना का रो-रोकर बुरा हाल है,वहीं मां पतिया भी बेटे की मौत से बेसुध हैं।एक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।जिस बेटे के घर लौटने का इंतजार था,वह अब कभी वापस नहीं आएगा।
The post UP: सुबह ड्यूटी के लिए निकले शाहिद की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम appeared first on Breaking Tube.















































