BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home अपराध मेरठ में होमगार्ड भर्ती की दौड़ में बिगड़ी नौ अभ्यर्थियों की तबीयत,...

मेरठ में होमगार्ड भर्ती की दौड़ में बिगड़ी नौ अभ्यर्थियों की तबीयत, एक की मौत

मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को होमगार्ड भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान 4.8 किलोमीटर की दौड़ पूरी करते-करते कई अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ गई। नौ अभ्यर्थियों को सांस लेने में दिक्कत और बेहोशी की शिकायत के बाद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इलाज के दौरान शामली के निसार निवासी अंकुज मलिक की मौत हो गई। वहीं, शामली के गुर्जरपुर निवासी सचिन कुमार की हालत गंभीर है। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।

मंगलवार को हुई थी दौड़

मंगलवार को 1,017 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल हुए थे। निर्धारित समय में दौड़ पूरी करने के लिए अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। इसी दौरान कुछ अभ्यर्थी मैदान में गिरने लगे। एक साथ कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने से स्टेडियम में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल उन्हें वाहनों से लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज भेजा।

मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने सभी अभ्यर्थियों का उपचार शुरू किया। सात अभ्यर्थियों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया। दो को निगरानी में रखा गया है। इनमें सचिन कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बीमार पड़े अभ्यर्थियों में बागपत के शिवम, शौकीन और मोनू, शामली के अर्जुन, रितिक, निशु, अंकित और सचिन कुमार तथा गढ़मुक्तेश्वर के तरुण शामिल हैं।

एसीपी ने दी जानकारी

नोडल अधिकारी एवं एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ते ही उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। इलाज के दौरान अंकुज मलिक की मौत हो गई। घटना के बाद भर्ती परीक्षा के दौरान स्वास्थ्य इंतजाम और अभ्यर्थियों की मेडिकल मॉनिटरिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।