
बिजनौर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को नगर पालिका, तहसील और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने नगर में वृहद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान नगर पालिका चौराहे से बुल्ला के चौराहे तक सड़क के दोनों ओर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया। कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों और व्यापारियों में खलबली मची रही। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह ने किया। पालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से सड़क किनारे लगाए गए अवैध होर्डिंग, टीनशेड, ठेले और अन्य अस्थायी कब्जे हटवाए। इस दौरान सड़क के किनारे खाली कराए गए स्थान से यातायात को सुचारू बनाने में भी मदद मिली। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पालिका और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी करते रहे। पालिका की ओर से कर अधीक्षक नरेंद्र पाल सिंह, अवर अभियंता (जलकल) गौरव शर्मा, अवर अभियंता (सिविल) यशवंत कुमार, कर निरीक्षक सुंदरलाल और हिमांशु मौजूद रहे। वहीं थाना कोतवाली शहर के प्रभारी निरीक्षक अवनीत कुमार और यातायात निरीक्षक रवि नैन पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। एसपी के निर्देश पर सख्तीअधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह ने बताया कि नवागंतुक पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने शहर की यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों और मार्गों से अतिक्रमण हटाने की अपेक्षा की थी। इसी क्रम में नगर पालिका चौराहा, बुल्ला का चौराहा, जजी का चौराहा और झालू तिराहे को अतिक्रमण मुक्त कराने की दिशा में कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। दोबारा सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा।प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा है, वहीं जाम की समस्या से परेशान शहरवासियों ने अभियान को राहत देने वाला कदम बताया है।
























