
लखनऊ। शासन की ओर से जारी आदेश के बावजूद दिव्यांग बेसिक शिक्षकों का अन्तर्जनपदीय स्थानांतरण की लिस्ट जारी न होने के विरोध में दिव्यांग महागठबंधन ने इको गार्डन में धरना प्रदर्शन किया। महागठबंधन के महासचिव वीरेन्द्र कुमार ने धरना देते हुए सरकार को चेतावनी दी है कि दिव्यांग शिक्षकों का जल्द स्थानांतरण नहीं हुआ तो दिव्यांग महागठबंधन विधानसभा का घेराव करने को बाध्य होगा। वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि शासनादेश होने के बावजूद आज तक दिव्यांग बेसिक शिक्षकों के अन्तर्जनपदीय स्थानांतरण की सूची जारी नहीं हुई। स्थानांतरण की सूची जुलाई में जारी हो जानी चाहिए थी। लेकिन शासन की लापरवाही से आज तक स्थानांतरण सूची जारी नहीं हुई है। जिससे दिव्यांग शिक्षकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिव्यांग बेसिक शिक्षक लम्बे समय से इसके लिए आंदोलन कर रहे हैं। दिव्यांग महागठबंधन के महासचिव वीरेंद्र कुमार ने दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिव्यांगजन अधिनियम 2016 के तहत सरकारी कर्मचारियों को गृह जनपद में स्थानांतरण के लिए पत्र भेजा है। वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि अगर छ: सितम्बर तक दिव्यांग बेसिक शिक्षकों का अंतर्जनपदीय स्थानांतरण नहीं होता है तो सात सितम्बर को विधानसभा पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।





























