BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ प्लास्टर से हाथ की नसें खराब होने का आरोप:पीड़ित की डीएम से...

प्लास्टर से हाथ की नसें खराब होने का आरोप:पीड़ित की डीएम से जांच और 3 लाख के इलाज का खर्च दिलाने की मांग

महराजगंज के लक्ष्मीपुर क्षेत्र के लालपुर कल्यानपुर निवासी हरीराम ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। उन्होंने मोहनापुर ढाला स्थित आलम डिजिटल एक्स-रे एवं क्लीनिक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। हरीराम ने मामले की जांच और इलाज का खर्च दिलाने की मांग की है। हरीराम के मुताबिक, 11 नवंबर 2025 को उनके हाथ में चोट लगी थी, जिसके बाद वह क्लीनिक पर इलाज कराने पहुंचे थे। उनका कहना है कि हाथ की हड्डी टूटी नहीं थी और न ही मोच आई थी, लेकिन डॉक्टर मेराज आलम ने क्रेक बताकर हाथ में प्लास्टर लगा दिया। आरोप है कि प्लास्टर बहुत कसकर और गलत तरीके से लगाया गया, जिससे हाथ की नसों पर दबाव पड़ा। धीरे-धीरे उनके हाथ की शक्ति कम होती चली गई। पीड़ित ने बताया कि बाद में उन्होंने सिद्धार्थनगर के डॉ. नितिन अग्रवाल और गोरखपुर के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. पवन कुमार से इलाज कराया। इसके बाद एसजीपीजीआई लखनऊ के न्यूरो सर्जरी विभाग में जांच कराई गई। रिपोर्ट में राइट ब्रैकियल प्लेक्सस इंजरी और हाथ की मांसपेशियों के प्रभावित होने की बात सामने आई। आगे सर्जरी के लिए फॉलोअप की सलाह दी गई है। हरीराम का दावा है कि इस इलाज में अब तक करीब तीन लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। उन्होंने अपनी खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए जिलाधिकारी से मामले की जांच, उचित कार्रवाई और इलाज का खर्च दिलाने की मांग की है।