शोहरतगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विघ्नहर्ता गणेश की सुंदर और आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। गणेश चतुर्थी से शुरू हुई पूजा-अर्चना बुधवार को भी जारी रही। सुबह से देर शाम तक भक्तों ने प्रतिमाओं की पूजा की। नगर पंचायत के बुधई स्मारक, धोबी मोहल्ला और मोतीलाल नगर तिराहा के पास बने पंडालों को रंग-बिरंगी बिजली की झालरों और फूलों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सनातन धर्म के पंच देवताओं में प्रथम पूज्य गणेश की मनमोहक प्रतिमाएं भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। नगर पंचायत के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर भी गणेश प्रतिमाएं स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। गणेश चतुर्थी को स्थापित की गई इन प्रतिमाओं का पूर्णिमा के दिन पवित्र नदियों में मंत्रोच्चार के साथ विसर्जन किया जाएगा। पुजारी टिल्लू शर्मा ने बताया कि चतुर्थी से पूर्णिमा तक विघ्नहर्ता गणेश को लाल सिंदूर, मोदक और दूर्वा अर्पित कर पूजा-अर्चना व वंदना करने से सुख-समृद्धि बनी रहती है और सभी संकटों का निवारण होता है।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ शोहरतगढ़ में विघ्नहर्ता गणेश की आकर्षक झांकियां सजीं:गणेश चतुर्थी से पूजा जारी,...





















