
कोरबा। जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में घर लौटे एक युवक ने डांटने से नाराज होकर अपनी ही मौसी पर लाठी-डंडे और आग जलाने वाली लकड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बांकी मोंगरा पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुरैना गांव निवासी तीरथराम यादव (45) रविवार देर शाम कहीं से घूमकर अपने घर लौटा था। बताया जा रहा है कि वह रात करीब 8 से 9 बजे के बीच शराब के नशे में था। घर पहुंचने पर उसकी मौसी मोहन कुंवर बाई (55) ने उसे शराब पीकर आने, देर रात घर लौटने और रोजाना बेवजह घूमने को लेकर डांट लगाई।मौसी की डांट से तीरथराम इतना नाराज हो गया कि उसने आपा खो दिया। गुस्से में उसने घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडा उठाया और अपनी मौसी के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हालत में घर के अंदर गिर पड़ी। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।घटना के समय आरोपित की पत्नी और बच्चे सहित मृतिका की बड़ी बहन भी घर में मौजूद थीं। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल मोहन कुंवर बाई को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उन्हें बड़े अस्पताल ले जाने के बजाय वापस घर ले आए। कुछ समय बाद महिला ने घर पर ही दम तोड़ दिया।महिला की मौत की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस पुरैना गांव पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपित तीरथराम यादव को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस घटना के पूरे कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
























