‘भारत के मेयरों के पास शक्ति नहीं’, नित्या रमन की तारीफ कर शशि थरूर ने कसा तंज

0
5

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के दूसरे सबसे बड़े शहर लॉस एंजिल्स में भारतीय मूल की नित्या रमन ने नया इतिहास रच दिया है। केरल के तिरुवनंतपुरम में जन्मी नित्या रमन लॉस एंजिल्स की पहली भारतीय-अमेरिकी और पहली दक्षिण एशियाई मेयर चुनी गई हैं।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नित्या रमन को लॉस एंजिल्स की मेयर चुने जाने पर बधाई दी। साथ ही उन्होंने इस जीत का इस्तेमाल भारत के शहरों में मेयरों को मिलने वाले सीमित अधिकारों की आलोचना करने के लिए भी किया।

शशि थरूर ने भारतीय शहरी शासन व्यवस्था पर निशाना साधा

वरिष्ठ कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नित्या रमन को जीत की शुभकामनाएं दीं और इसे भारत के लिए गौरव का क्षण बताया। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों का जिक्र करते हुए न्यूयॉर्क के जोहरान ममदानी का भी उल्लेख किया और कहा कि दोनों प्रमुख शहरों की कमान अब भारतीय मूल के हाथों में होगी।

थरूर ने ‘X’ पर लिखा, ‘तिरुवनंतपुरम की बेटी, नित्या रमन, लॉस एंजिल्स की नई मेयर हैं।’ इसके साथ ही थरूर ने भारत के शहरों में मेयरों को मिलने वाले सीमित अधिकारों पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने लिखा, ‘मुझे पूरा भरोसा है कि वे भारत के अपने समकक्षों की तुलना में कहीं बेहतर काम करेंगी। भारत में बिट्रिशकालीन औपनिवेशिक व्यवस्था के कारण मेयरों के पास कोई वास्तविक अधिकार नहीं होते, अधिकार और बजट अलग-अलग विभागों में बंटे हैं, जिसके चलते यहां के मेयर अपने शहरों को प्रभावी ढंग से चलाने में असमर्थ रहते हैं।’

भारत के अधिकतर महानगरों में मेयर केवल औपचारिक प्रमुख होते हैं, जबकि वास्तविक प्रशासनिक और बजटीय नियंत्रण राज्य सरकार द्वारा नियुक्त वरिष्ठ नौकरशाह यानी नगर आयुक्त के हाथों में होता है।

हार्वर्ड और एमआईटी से पढ़ाई, बेघरों के अधिकारों के लिए संघर्ष

भारत में जन्मी नित्या रमन छह साल की उम्र में अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गई थीं। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से अर्बन प्लानिंग में मास्टर डिग्री प्राप्त की।

चुनावी राजनीति में आने से पहले उन्होंने बेघर लोगों के पुनर्वास के लिए जमीनी स्तर पर कार्य किया और सेलाह नेबरहुज होमलेस कोएलिशन की सह स्थापना की।

2020 में नित्या पहली बार लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल के लिए चुनी गई थीं। वह इस परिषद में पहुंचने वाली पहली दक्षिण एशियाई सदस्य और पहली एशियाई-अमेरिकी महिला थीं। 2024 में वह दोबारा काउंसिल के लिए चुनी गईं।

मेयर चुनाव में नित्या का प्रमुख ध्यान किफायती आवास, बेघर लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान, बेहतर बुनियादी नागरिक सुविधाएं, स्ट्रीट लाइटिंग सुधार और गड्ढामुक्त सड़कों पर केंद्रित रहा।

यह भी पढ़ें- अमेरिका में रंजीव पुरी ने रचा इतिहास, मिशिगन हाउस के पहले भारतीय अमेरिकी स्पीकर चुने गए; ओबामा के साथ कर चुके हैं काम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here