Home देश अमित ठाकरे पर FIR के बाद गरमाई सियासत, बोले- जो कार्रवाई हुई...

अमित ठाकरे पर FIR के बाद गरमाई सियासत, बोले- जो कार्रवाई हुई उस पर गर्व है; BJP का पलटवार

0
1
News Desk

पुणे. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के छात्र इकाई प्रमुख अमित ठाकरे और उनके समर्थकों के खिलाफ शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने के आरोप में पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया है। चतुर्श्रृंगी पुलिस थाने में सोमवार को यह एफआईआर दर्ज की गई। अमित ठाकरे मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे हैं।

सदस्यता अभियान के दौरान कॉलेज पहुंचे थे मनसे कार्यकर्ता

मिली जानकारी के अनुसार, अमित ठाकरे सोमवार दोपहर पार्टी के सदस्यता अभियान के सिलसिले में शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अपने करीब 25 समर्थकों के साथ कॉलेज कार्यालय की दीवार पर लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटवा दी। उस दीवार पर छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ प्रधानमंत्री की तस्वीर भी लगी हुई थी।

कॉलेज प्रशासन की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज

कॉलेज अधिकारी की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अमित ठाकरे और उनके साथियों ने बिना अनुमति कार्यालय में प्रवेश किया, नारेबाजी कर हंगामा किया और कर्मचारियों को धमकियां दीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र पुलिस कानून की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

अमित ठाकरे की प्रतिक्रिया, कहा- मुझे इस एफआईआर पर गर्व है

मामला दर्ज होने के बाद अमित ठाकरे ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री की तस्वीर इसलिए हटवाई क्योंकि वह छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के चित्रों के ठीक बगल में लगी हुई थी। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन की पहली एफआईआर शिवाजी महाराज से जुड़े आंदोलन में दर्ज हुई थी और यदि दूसरी एफआईआर भी महापुरुषों के सम्मान के लिए हुई है, तो उन्हें इस पर गर्व है।

भाजपा ने साधा निशाना, कॉलेज प्रशासन ने दोबारा लगाई तस्वीर

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता गणेश बिडकर ने इसे राजनीतिक अपरिपक्वता करार दिया और कहा कि सरकारी दफ्तरों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और महापुरुषों की तस्वीरें लगाना तय प्रोटोकॉल का हिस्सा है। इससे पूर्व भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बान ने भी इसे प्रधानमंत्री का अनादर बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, विवाद बढ़ता देख कॉलेज प्रशासन ने प्रधानमंत्री की तस्वीर को पुनः उसी स्थान पर लगा दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here