UP: जौनपुर में यूपीआई से होने वाले कुछ व्यापारी लेन-देन पर लागू किए गए नए मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाइन बाजार स्थित डाक बंगले में राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ₹2,000 से अधिक की घरेलू खरीदारी कर उसके बिल और रसीद राज्य मंत्री के सामने प्रस्तुत किए। डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि नए प्रावधान से छोटे कारोबारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा और इसका असर आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से MDR व्यवस्था वापस लेने की मांग की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि सरकार को डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ व्यापारियों और आम जनता की सुविधा का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने राज्य मंत्री के माध्यम से केंद्र सरकार तक विरोध दर्ज कराने की मांग की।
केंद्र सरकार के अनुसार ₹2,000 तक के व्यापारी भुगतान और व्यक्ति-से-व्यक्ति यूपीआई लेन-देन निःशुल्क हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि MDR ग्राहकों से लिया जाने वाला टैक्स नहीं है और अधिकांश व्यापारी लेन-देन इससे प्रभावित नहीं होंगे। प्रदर्शन में राकेश मिश्रा, राकेश सिंह डब्बू, विनय तिवारी, लाल प्रकाश पाल, इरशाद खान, अरुण शुक्ला, शहनवाज मंजूर, राजकुमार गुप्ता सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
The post UP: यूपीआई के MDR प्रावधान पर कांग्रेस का विरोध, राज्य मंत्री के सामने जताई नाराजगी appeared first on Breaking Tube.



















