Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश ‘समय की कसौटी पर खरा उतरा’, पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और...

‘समय की कसौटी पर खरा उतरा’, पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन पर बोले पीएम मोदी

0
0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पंजाब में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला। राज्य में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने गठबंधन का एलान किया है। गठबंधन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया सामने आई है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, “पंजाब और पंजाबियों के कल्याण को सबसे ऊपर रखना! मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की एनडीए परिवार में वापसी हो रही है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर।”

‘समय की कसौटी पर खरा उतरा है गठबंधन’

उन्होंने आगे लिखा, “हमारा गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले, जो राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाए। अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा सींचा गया अकाली दल-BJP गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।”

पंजाब में 6 साल बाद फिर साथ आए अकाली और बीजेपी

नई दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ सुखबीर सिंह बादल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस गठबंधन का एलान किया गया। अमित शाह ने कहा कि गठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा अकाली दल से होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में होगा और जो बड़ा भाई होता है वही मुख्यमंत्री वही बनता है। दोनों दल साथ मिलकर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि आज एनडीए का पुराना साथी लौट आया है।

बता दें कि नवंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विवाद में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। इस तरह अब दोनों पार्टी छह साल बाद एक बार फिर साथ आई हैं।