बिजनौर के लाल की सड़क हादसे में मौत, सेना के बाद यूपी पुलिस में कर रहा था देश सेवाबिजनौर। देश सेवा में अपने दो रूप दिखाने वाले बिजनौर के एक जवान की सड़क हादसे में जान चली गई। गांव रतनपुर खुर्द निवासी 38 वर्षीय रॉबिन की चंडीगढ़ के हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह सेना से रिटायर होने के बाद यूपी पुलिस में भर्ती हुआ था और फिलहाल सहारनपुर में तैनात था। जवान की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है।
एक साल पहले हुआ था भर्ती
जानकारी के मुताबिक रॉबिन पुत्र मुकेश चंद भारतीय सेना में सेवा देने के बाद करीब एक साल पहले उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग सहारनपुर जिले में थी। 12 सितंबर को वह एक दिन की छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव रतनपुर खुर्द आए थे।
बताया जा रहा है कि 15 सितंबर को रॉबिन बाइक से मां शाकुंभरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में सामने से अचानक एक वाहन आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर फिसल गई। इस हादसे में रॉबिन गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत में सुधार न होने पर परिजन उसी दिन उन्हें बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ हायर सेंटर ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गुरुवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
आज होगा अंतिम संस्कार
जवान का पार्थिव शरीर आज देर रात तक गांव पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को पुलिस लाइन में पुलिस विभाग और महात्मा विदुर पूर्व सैनिक कल्याण समिति द्वारा उन्हें सलामी दी जाएगी। इसके बाद गांव में ही पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। रॉबिन अपने पीछे बूढ़े माता-पिता, पत्नी सोनम, 13 साल की बेटी दक्षी और 8 साल के बेटे चीनू को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। एक होनहार जवान के यूं चले जाने से परिवार ही नहीं, पूरा क्षेत्र गमगीन है।



























