BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ गौर सीएचसी में टीबीआई भुगतान पर 50% कमीशन मांगा:आशा कार्यकर्ताओं ने लगाए...

गौर सीएचसी में टीबीआई भुगतान पर 50% कमीशन मांगा:आशा कार्यकर्ताओं ने लगाए आरोप, अधीक्षक बोले- जांच होगी


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गौर में आशा कार्यकर्ताओं के टीम बेस्ड इंसेंटिव (टीबीआई) भुगतान को लेकर फिर सवाल उठे हैं। आशा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि उनसे भुगतान के नाम पर 50 फीसदी कमीशन मांगा जा रहा है। इन आरोपों से स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है, हालांकि अभी इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि अप्रैल 2024 में भी टीबीआई भुगतान को लेकर बीसीपीएम की भूमिका पर सवाल उठे थे। तब बीसीपीएम रामजीत चौरसिया पर कार्रवाई की गई थी। इसके बाद साल 2025 में उनकी दोबारा तैनाती की बात सामने आई थी, हालांकि बाद में उन्हें जिले से अटैच कर दिया गया था। अब एक बार फिर टीबीआई भुगतान को लेकर बीसीपीएम रामजीत चौरसिया का नाम सामने आने से मामला गरमा गया है। आशा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग कर रही हैं। सीएचसी गौर के अधीक्षक डॉ. पुनीत पांडेय ने बताया कि मामले की मौके पर जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमों के मुताबिक कार्रवाई होगी। अब देखना होगा कि जांच में कमीशन के आरोपों में कितनी सच्चाई सामने आती है और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।