पीटीआई, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में कहा है कि नेशनल हेराल्ड को पुनर्जीवित करने की प्रक्रिया से न तो राहुल गांधी को और न ही उन्हें कभी एक भी पाई मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए आरोप लगाने वाले और जज की भूमिका एक साथ निभा रही है।
सोनिया गांधी ने ‘बीलोंगिंगः ए जर्नी आफ लव’ में लिखा है कि 2010 में प्रतिष्ठित लेखा और कानूनी विशेषज्ञों से सलाह के बाद उन्होंने एक नई ‘गैर-लाभकारी’ इकाई के आधार पर नेशनल हेराल्ड को फिर शुरू करने की पहल की थी।
इसमें किसी भी शेयरधारक या निदेशक को किसी भी तरह का आर्थिक लाभ नहीं मिल सकता था। इसके बोर्ड के किसी भी निदेशक; न राहुल, न मैं और न ही पुनरुद्धार प्रक्रिया से जुड़े किसी अन्य व्यक्ति को कभी इस उद्यम से एक भी पाई मिली।
फिर भी हमारे विरुद्ध आपराधिक साजिश का मामला बनाया गया और दिसंबर, 2015 में हम जमानत के लिए अदालत में पेश हुए। अभी भी यह मामला अदालत में है।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा कि 1977 में दादी इंदिरा गांधी की चुनावी हार के बाद राहुल के दोस्तों ने उनके जन्मतिथि पार्टी में आने से इन्कार कर दिया था, जिससे उनकी सातवीं जन्मतिथि एक उदास मौके में बदल गई थी।
बाद में राजीव ने राहुल को पास बिठाकर समझाया था, “हो सकता है कि उनके माता-पिता तुम्हारे परिवार से दोस्ती करने से डरते हों। कुछ लोग सरकार से डरते हैं।”
उन्होंने यह भी लिखा कि जब 2004 के लोकसभा चुनावों से पहले वह समावेशी गठबंधन बनाने की कोशिश कर रही थीं, तो उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती द्रमुक से गठबंधन करने की थी। कारण- द्रमुक कार्यकर्ता 1991 में लिट्टे समर्थक थे और इसी संगठन ने राजीव गांधी की हत्या की थी। इसीलिए जब उन्होंने एम. करुणानिधि को पहली बार फोन किया, तो उनकी धड़कनें तेज थीं और वह कांप रही थीं।
आइएनडीआइए छोड़ने का मौका तलाश रहे थे नीतीश
हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों पर सोनिया लिखती हैं कि शुरुआत में नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को एकजुट करने में सक्रिय भूमिका निभाई। लेकिन जनवरी, 2024 में वह ‘महागठबंधन’ से बाहर आ गए और फिर बिहार में भाजपा के साथ सरकार बनाई। दरअसल, नीतीश आइएनडीआइए से बाहर निकलने का मौका तलाश रहे थे और भाजपा के नियंत्रण में थे।

















