डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को अपनी मां सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव के विमोचन के मौके पर अपनी जिंदगी से जुड़े कई राज खोले। इस मौके पर उन्होंने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड का भी जिक्र किया।
राहुल ने बताया कि कैंब्रिज में पढ़ाई के दौरान वो अपनी गर्लफ्रेंड को उसी रेस्तरां में लेकर गए थे जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे। हालांकि जब राहुल से अब उनके रिश्ते को लेकर पूछा गया तो उन्होंने बड़ी ही चतुराई से जवाब देते हुए कहा कि वो अब गर्लफ्रेंड नहीं हैं बल्कि दोस्त हैं।
राहुल ने सुनाया जिंदगी का दिलचस्प किस्सा
राहुल को रेस्तरां का पीले रंग का दरवाजा और एंट्री गेट पर मौजूद एक व्यक्ति के साथ हुई बातचीत याद थी। जब राहुल ने बताया कि उसके माता-पिता का उस जगह से क्या संबंध है, तो ऐसा लगा जैसे वह व्यक्ति उन्हें पहचानता हो।
राहुल ने याद करते हुए बताया, ‘हम अंदर गए। मुझे अभी भी वह पीले रंग का दरवाजा याद है। वहां एक सज्जन व्यक्ति खड़े थे। उन्होंने पूछा, ‘कितने लोग हैं?’ मैंने कहा, ‘दो।’ और उन्होंने कहा, ‘जाइए और बैठ जाइए।’
अपनी सीट पर बैठने के बाद, राहुल ने रेस्तरां के स्टाफ को बताया कि उनके माता-पिता की मुलाकात इसी जगह पर हुई थी। स्टाफ का जवाब सुनकर वह और भी ज्यादा हैरान रह गए।
उन्होंने बताया, ‘मैंने कहा, पता है, मेरे माता-पिता की मुलाकात इसी रेस्टोरेंट में हुई थी।’ उसने मेरी तरफ देखा और बोला, ‘ओह, वो लोग? मैं उन्हें जानता हूं।’ मैंने पूछा, ‘आप उनके बारे में क्या जानते हैं?’ उसने कहा, ‘अरे, वो दोनों! मुझे अच्छे से पता है कि आप किनकी बात कर रहे हैं।’
राहुल ने बताया कैसा था रेस्तरां का चिकन चैसर
इसके बाद बातचीत मेन्यू पर आ गई। जब राहुल ने पूछा कि यहां क्या अच्छा है, तो उसने ‘चिकन चैसर’ लेने की सलाह दी। उसकी बात मानकर राहुल और उनकी गर्लफ्रेंड ने दो पोर्शन ऑर्डर कर दिए।
उन्होंने कहा, ‘मैंने कहा, ‘ठीक है, एक काम करते हैं, हम वही दो ऑर्डर कर लेते हैं। और फिर हमारे पास चिकन आ गया। हमने वो चिकन खाया।’
हालांकि, उनके परिवार के लिए इस रेस्टोरेंट से जुड़ी रोमांटिक यादों के मुकाबले, यहां का खाना बिल्कुल भी अच्छा नहीं था। राहुल ने मजाक में लोगों को यह डिश ऑर्डर न करने की सलाह दी और अपने माता-पिता की यादों की तुलना अपने खुद के अनुभव से की।

















