35 साल पुराने मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन:श्रावस्ती में एक ही गांव के 7 वारंटी घर से गिरफ्तार; कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

0
3

श्रावस्ती मल्हीपुर थाना पुलिस ने करीब साढ़े तीन दशक (35 साल) पुराने एक मुकदमे में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही गांव के सात वारंटियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया है। गुरुवार देर शाम करीब 7 बजे पुलिस ने बताया कि वर्ष 1991 में दर्ज एक मामले में बहराइच न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। इतने लंबे समय से लंबित मुकदमे में एक साथ सात लोगों की गिरफ्तारी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। SP के निर्देश पर चला अभियान, 1991 में दर्ज हुआ था केस SP राहुल भाटी की ओर से जिले में वांछित अपराधियों और न्यायालय से जारी वारंटों में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मल्हीपुर के प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही थी। टीम ने बहराइच कोर्ट से जारी गिरफ्तारी अधिपत्र के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 113/91 (IPC की धारा 382, 504 और 506) से जुड़े सात वारंटियों को ग्राम परसाडेहरिया स्थित उनके आवास से दबोच लिया। एक ही गांव के रहने वाले हैं सभी आरोपी गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसाडेहरिया के निवासी हैं। इनमें गाजू पुत्र जाहिर खां, जाबिर पुत्र मंसूर, भल्लू उर्फ मुमताज, जोगी पुत्र फकीरे बेहना, छेदी पुत्र रमजान, हसन मोहम्मद उर्फ हग्गन पुत्र हलई और रामसूरत उर्फ ढोढे पुत्र अभिलाख शामिल हैं। पुलिस ने सातों वारंटियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें बहराइच न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here