डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को लेकर पारिवारिक संपत्ति विवाद सामने आया है। यह विवाद इस बात को लेकर छिड़ा है कि आखिर बंगले पर मालिकाना हक किसका है।
अमिताभ बच्चन की भाभी रमोला बच्चन ने 1993 की एक ‘गिफ्ट डीड’ (उपहार विलेख) को चुनौती दी है। रमोला का आरोप है कि यह ट्रांसफर उनकी जानकारी या सहमति के बिना किया गया था और उन्होंने इस दस्तावेज की वैधता पर सवाल उठाए हैं।
अमिताभ बच्चन की भाभी ने उठाए सवाल
रमोला की शादी अमिताभ बच्चन के छोटे भाई अजिताभ बच्चन से हुई है। रमोला ने पिछले सात महीनों में कई शिकायतें दर्ज कराईं, जिसके बाद अब इस पर सुनवाई शुरू हो गई है।
यह मामला अब अंधेरी में ‘डिप्टी रजिस्ट्रार ऑफ कोऑपरेटिव सोसाइटीज’ के पास है। इस विवाद की मुख्य वजह मालिकाना हक के रिकॉर्ड में फर्क है।
रमोला बच्चन ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि ‘जलसा’ मूल रूप से उनके नाम पर रजिस्टर्ड था और बाद में 1993 की एक ‘गिफ्ट डीड’ के जरिए इसका मालिकाना हक जया को ट्रांसफर कर दिया गया।
रमोला का आरोप है कि इसे सादे कागज पर बनाया गया था, उस समय कोई स्टाम्प ड्यूटी नहीं चुकाई गई थी और इस पर गवाहों के हस्ताक्षर भी नहीं थे। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार की ‘अभय योजना’ के तहत इस दस्तावेज के बाद में हुए रजिस्ट्रेशन और उसे नियमित (रेगुलराइज) किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं।
किसके नाम ‘जलसा’?
डिप्टी रजिस्ट्रार फैयाज मुलानी ने पुष्टि की है कि उन्हें शिकायत मिल गई है और मामले की सुनवाई शुरू कर दी गई है। संबंधित पक्षों से अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है। मालिकाना हक के दावों और विवादित ‘गिफ्ट डीड’ की वैधता को लेकर अधिकारी अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं।
