एएनआई, नई दिल्ली। वर्ष 2002 के गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड की वजहों को सोनिया गांधी के संस्मरण में ‘विवादित’ बताए जाने पर पूर्व सीबीआई विशेष निदेशक राकेश अस्थाना ने कड़ी आपत्ति जताई है।
मामले की जांच से जुड़े रहे अस्थाना ने कहा कि फोरेंसिक साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया से आग लगने का कारण सामने आ चुका है। इसके बावजूद घटना पर संदेह जताने के पीछे राजनीतिक कारण हैं।
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बों में आग लगने से 59 लोगों की मौत हुई थी, लेकिन आग लगने का कारण अब भी विवादित है।
इस पर अस्थाना ने कहा कि जांच प्रामाणिक थी और अदालत में आरोपितों को दोषी ठहराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म के व्यक्ति की हत्या अपराध है और जांच को राजनीतिक नजरिये से देखना दुर्भाग्यपूर्ण है।
अस्थाना ने कहा, “हमने इसे एक आपराधिक घटना मानकर जांच की, लेकिन दुर्भाग्य से, इस मामले को इस तरह से पेश किया गया मानो इसकी जांच गुजरात के तत्कालीन सीएम नरेन्द्र मोदी को फायदा पहुंचाने के लिए की गई हो।”
पाकिस्तान से फोन आने का दावाउन्होंने आगे बताया कि वास्तव में गोधरा में जो ट्रेन जलाई गई थी उसके पीछे देश को अस्थिर करने की बड़ी साजिश थी। गोधरा में उस समय उन्होंने रॉ और इंटेलिजेंस ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की थी और उनके इनपुट देखे थे।
अस्थाना ने दावा किया कि गोधरा स्टेशन के पास स्थित अमन गेस्ट हाउस की जांच में कई अहम सुराग मिले थे। उनके मुताबिक, गेस्ट हाउस के मालिक अब्दुल रजाक से पूछताछ और वहां के रजिस्टरों व फोन रिकार्ड की जांच में पाकिस्तान से कई फोन आने की जानकारी मिली।
उन्होंने यह भी दावा किया कि हिज्बुल मुजाहिदीन से जुड़े कुछ लोग घटना से पहले वहां ठहरे थे। अस्थाना के अनुसार, घटना से एक रात पहले गेस्ट हाउस में बैठक हुई थी, जिसमें पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर ट्रेन के डिब्बे में डालने की योजना बनाई गई थी। जांच दल ने पेट्रोल की बिक्री से जुड़े रिकार्ड भी जब्त किए थे।
लालू यादव पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
अस्थाना ने आरोप लगाया कि तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने न्यायमूर्ति यूसी बनर्जी समिति के जरिये जांच को प्रभावित करने और उन्हें फंसाने की कोशिश की थी। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे किसी निजी या राजनीतिक मकसद पर टिप्पणी करने से इनकार किया।
27 फरवरी 2002 को हुई थी घटनागोधरा में 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने से 59 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे थे। वर्ष 2011 में विशेष अदालत ने इस मामले में 31 लोगों को दोषी ठहराया था।
गुजरात हाई कोर्ट ने 2017 में दोषसिद्धि बरकरार रखते हुए 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। अदालत ने 63 अन्य आरोपितों को बरी किया था। दोषियों की अपीलें सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं।