आईएएनएस, नई दिल्ली। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही के दौरान अनचाहे व्यावसायिक संदेशों और काल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
इस दौरान 1.24 लाख से अधिक टेलीकॉम संसाधनों पर कार्रवाई की गई और 374 स्पैम भेजने वालों को ब्लैकलिस्ट किया गया।
संचार मंत्रालय के अनुसार, इस तिमाही में अनचाहे व्यावसायिक संचार (यूसीसी) को लेकर कुल 15.29 लाख शिकायतें प्राप्त हुईं।
दूरसंचार नेटवर्क से इस अवधि में 71,401 करोड़ काल की गईं। यानी प्रति 10 लाख काल पर लगभग 2.14 शिकायतें दर्ज हुईं।
कार्रवाई के तहत आउटगोइंग काल पर रोक, लंबी अवधि के लिए कनेक्शन बंद करने, सभी टेलीकाम ऑपरेटरों के नेटवर्क पर स्पैम भेजने वालों को ब्लैकलिस्ट करने और एसएमएस हेडर ब्लाक करने जैसे कदम उठाए गए।
ट्राइ के डू नॉट डिस्टर्ब (डीएनडी) एप के माध्यम से 92.9 प्रतिशत शिकायतें प्राप्त हुईं। वहीं, एआई आधारित स्पैम पहचान प्रणाली ने 19.9 अरब संदिग्ध कॉल और एसएमएस की पहचान की। इसके अलावा संदिग्ध मैसेज भेजने वालों को 45.9 लाख से अधिक चेतावनी नोटिफिकेशन जारी किए गए।