डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इटली की सांसद डेबोरा बर्गमिनी ने ‘पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स’ (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक की आलोचना की है।
फिलिबेक ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘वोट चोरों, गद्दी छोड़।’ के नारे लगाए थे। बर्गमिनी ने कहा कि किसी मित्र देश के आंतरिक राजनीतिक मामलों में विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों को दखल नहीं देना चाहिए।
भारत को लोकतंत्र पर सीख देना सही नहीं: बर्गमिनी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, बर्गमिनी ने कहा कि भारत के पास अपने आंतरिक राजनीतिक विवादों को सुलझाने के लिए अपनी राजनीतिक संस्थाएं और न्यायपालिका मौजूद हैं।
उन्होंने इटली और भारत के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी का भी जिक्र किया और कहा कि यूरोपीय प्रतिनिधियों का भारत को लोकतंत्र पर सीख देना सही नहीं है।’
डेबोरा बर्गमिनी ‘फोर्जा इटालिया’ की सदस्य और राष्ट्रीय उप-महासचिव हैं। यह एक मध्य-दक्षिणपंथी राजनीतिक दल है, जो इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार का समर्थन करने वाले गठबंधन का हिस्सा है।
बर्गमिनी की यह टिप्पणी तब आई है, जब फिलिबेक ने हैदराबाद में कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘भारत समिट 2026’ में हिस्सा लेते हुए BJP के नेतृत्व वाली सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।
उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के प्रति अपना समर्थन भी जताया। यूरोपियन सोशलिस्ट्स एंड डेमोक्रेट्स समूह के एक इतालवी प्रतिनिधि ने, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए, प्रधानमंत्री मोदी की BJP पर हमला बोला और कहा: ‘वोट चोरों, गद्दी छोड़।’
इटली, भारत का सबसे बड़ा रणनीतिक साझेदार: बर्गमिनी
बर्गमिनी ने कहा, ‘यह मामला भारतीय विपक्ष द्वारा सत्ताधारी दल की आलोचना से जुड़ा है। यह आलोचना मतदाता सूची में लंबे समय से लंबित संशोधन को लेकर है एक ऐसी प्रक्रिया जिसका उद्देश्य दोहरी प्रविष्टियों, मृत व्यक्तियों के नामों और अपनी जगह बदल चुके लोगों के नामों को सूची से हटाना है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा मानना है कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने या आरोप लगाने की पूरी आजादी है बशर्ते वे अपने दावों को सही साबित कर सकें।’
बर्गामिनी ने भारत-इटली की रणनीतिक साझेदारी का जिक्र करते हुए कहा कि इटली और भारत के बीच एक विशेष रणनीतिक साझेदारी है, जिसके तहत कई क्षेत्रों में सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशी प्रतिनिधियों को भारत की आंतरिक राजनीतिक चर्चाओं में दखल देने से बचना चाहिए।
उन्होंने भारत के मतदाताओं की बड़ी संख्या का हवाला देते हुए यूरोपीय प्रतिनिधियों द्वारा भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर टिप्पणी करने की औचित्यता पर भी सवाल उठाया। बर्गामिनी ने कहा, ‘इसके अलावा, एक यूरोपीय होने के नाते, हमें ऐसे देश को लोकतंत्र पर सीख देना अनुचित लगता है, जहां 970 मिलियन नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं।
भारत के पास अपनी राजनीतिक संस्थाएं और न्यायपालिका है; किसी भी तरह के टकराव या विवाद का समाधान लोकतंत्र के स्थापित नियमों के अनुसार ही किया जाना चाहिए।’
इटली के नेता ने क्या कहा था?
पूरा कांग्रेस द्वारा हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट 2026’ से शुरू होता है। जहां राहुल गांधी समेत कई विदेशी नेता भी शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम में फिलिबेक ने राहुल गांधी का समर्थन किया था। फिलिबेक ने कहा था कि भारतीय लोकतंत्र के सामने मौजूद चुनौतियों की ओर दुनिया का ध्यान खींचने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच महत्वपूर्ण हैं।
शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने समाचार एजेंसी ANI से कहा, ‘भारत में लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं और हमें इसकी रक्षा करनी है। इसकी रक्षा करने का सबसे अच्छा तरीका राहुल गांधी और भारतीय कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े होना है।’
उन्होंने यह भी कहा कि PES, कांग्रेस और दुनिया भर के अन्य राजनीतिक आंदोलन एक ऐसे प्रगतिशील गठबंधन का हिस्सा हैं, जो सामाजिक न्याय, जलवायु न्याय, मानवाधिकार और लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा ने की राहुल की कड़ी आलोचना
इन टिप्पणियों की भाजपा नेताओं ने आलोचना की। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस सांसद पर भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप की मांग करने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल विदेशी मदद से सत्ता परिवर्तन चाहते हैं और उन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं जो देश में अस्थिरता पैदा करना चाहती हैं।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी राजनीतिक हस्तियों के दखल को लेकर कांग्रेस पर परोक्ष रूप से निशाना साधा।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने लिखा, ‘क्या आपने कभी किसी को तब हंसते हुए देखा है, जब कोई विदेशी भारत का अपमान करता हो? मैं यह नहीं पूछ रहा कि कौन सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।’
तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने भी शिखर सम्मेलन में लोकतंत्र पर राहुल गांधी की टिप्पणी की आलोचना की और उनसे माफी की मांग की। रायबरेली के सांसद के इस बयान का जिक्र करते हुए कि 2014 से भारत में लोकतंत्र खत्म हो गया है, राव ने कांग्रेस शासनकाल के दौरान ‘आपातकाल’ (इमरजेंसी) और चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किए जाने का उदाहरण दिया।
‘भारत शिखर सम्मेलन 2026’ में 70 देशों के लगभग 1000 प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और विचारक एक साथ आए हैं, जो वैश्विक भू-राजनीति, लोकतंत्र, जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रगतिशील राजनीति जैसे विषयों पर चर्चा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हैदराबाद भारत समिट में इटली के नेता ने लगाया वोट चोरी का नारा, हंसते दिखे राहुल तो बीजेपी ने साधा निशाना
यह भी पढ़ें- ‘E20 बन गया 420’, वोट चोरी के बाद राहुल गांधी ने लगाया पेट्रोल चोरी का आरोप












