डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन इस हफ्ते जालंधर से 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा चुनाव वाले पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों चंडीगढ़ और दिल्ली से होकर गुजरेगी।
भाजपा उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा,”यात्रा तीन दिसंबर को काशी में संपन्न होगी।” कार्यक्रम का ब्योरा देते हुए आर्य ने कहा कि यह संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के वर्ष भर चलने वाले समारोह का हिस्सा है। पार्टी ने इसकी शुरुआत 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश के काशी से की थी।
वाराणसी में होगी संपन्न
उन्होंने कहा कि देशव्यापी समारोह के तहत पार्टी अब तक तीन अलग-अलग चरणों में कई कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है। उन्होंने कहा,”चौथे चरण में 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा 18 नवंबर को जालंधर से शुरू होगी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वहां से रथों और वाहनों को रवाना करेंगे।” यह यात्रा तीन दिसंबर को काशी पहुंचकर संपन्न होगी।

















