डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हैदराबाद में 14 नवंबर को आयोजित हुई भारत समिट के जरिये “भारत-विरोधी ताकतों” को मंच देने का आरोप लगाया। कहा- देश को बदनाम करने तथा अस्थिरता पैदा करने की साजिश रची गई। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इसे विपक्ष के नेता की ओर से आयोजित “भारत-विरोधी समिट” करार दिया।
सोमवार को भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में भाटिया ने कहा कि समिट में पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक को मंच दिया गया, जहां उन्होंने “वोट चोर, गद्दी छोड़” का नारा लगाया। राहुल ने इस पर आपत्ति नहीं जताई बल्कि वह तालियां बजाते व मुस्कराते दिखे।
उन्होंने पूछा कि क्या विदेशी व्यक्ति को भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर टिप्पणी करने देना देश की संप्रभुता का उल्लंघन नहीं है? उन्होंने कहा-” जब देशवासियों ने यह वीडियो देखा तो उन्हें गहरा आघात लगा और शर्मिंदगी हुई। भारत की संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी टिप्पणियों पर विपक्ष का नेता भला कैसे ताली बजा सकता है, हंस सकता है ?”
उन्होंने राहुल को ‘अराजक, अपरिपक्व और राष्ट्र-विरोधी’ विपक्षी नेता बताते हुए उनकी आलोचना की और कहा कि उनका इस पद पर होना देश का दुर्भाग्य है। उन्होंने कहा -“मंच कोई भी हो, विदेशियों को बुलाओ, उनसे भारत के खिलाफ बयान दिलवाओ और इसे उपलब्धि समझो। देश को बदनाम करना ही राहुल गांधी का एजेंडा है।”
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल विदेशी शक्तियों से भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप की अपील करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में सरकार का फैसला यहां के मतदाता करते हैं, कोई विदेशी नहीं। उन्होंने कहा कि राहुल की बार-बार चुनावी हार से उनकी निराशा झलकती है और उन्होंने कांग्रेस को 99 चुनावों में हार की ओर ले जाने का दावा किया।
भाटिया ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने यह कहकर लोगों की भावनाओं को सही ढंग से व्यक्त किया था कि चुनावों में लगातार हार से गांधी निराश हो गए हैं। भाटिया ने जॉर्ज सोरोस, जाकिर नाइक, इल्हान उमर, जेरेमी कोर्बिन और प्रोग्रेसिव इंटरनेशनल का जिक्र करते हुए राहुल पर भारत-विरोधी ताकतों के साथ जुड़ाव का आरोप लगाया।
भाटिया ने तेलंगाना सरकार की वेबसाइट का हवाला देते हुए दावा किया कि समिट सार्वजनिक धन से हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा-शासित राज्यों के निवेश समिट विदेशी निवेशकों को अवसरों पर चर्चा का मंच देते हैं, जबकि तेलंगाना में आयोजन का इस्तेमाल भारत को कमजोर करने के लिए हुआ।
उन्होंने राहुल को ‘असफल विद्यार्थी’ बताया और उनकी संसदीय उपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछली तीन लोकसभाओं में उनकी उपस्थिति क्रमश: 43 प्रतिशत, 52 प्रतिशत और 51 प्रतिशत रही।
उन्होंने कहा- “ऐसे सांसद की कल्पना कीजिए, जिसमें संसद में उपस्थित रहने और बहसों में हिस्सा लेने की गंभीरता तक नहीं है, लेकिन वह प्रधानमंत्री के साथ बहस की मांग करता है।”
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

































