
महाराजगंज के सिसवा क्षेत्र की ग्रामसभा रुद्रापुर और शीतलापुर में शुक्रवार शाम 6 बजे हाजी खिज्र (अलैहिस्सलाम) के अनुयायियों ने प्रसिद्ध दरिया वाला बेरहवा त्योहार श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया। मुस्लिम समुदाय में इस त्योहार का काफी महत्व है। माना जाता है कि हजरत हाजी खिज्र नदियों के रक्षक हैं। इसलिए इस दिन मुस्लिम समुदाय की महिलाएं उनकी फातिहा के लिए दिन भर रोजा रखती हैं। रुद्रापुर गांव में मदरसा खलीलिया मिस्बाहुल उलूम में बेरहवा त्योहार का मुख्य कार्यक्रम हुआ। इसमें गांव के बच्चे, बच्चियां, बुजुर्ग, नौजवान और बड़ी संख्या में रोजेदार महिलाएं शामिल हुईं। दिन भर रोजा रखने के बाद मगरिब की अजान के बाद मदरसे पर फातिहा किया गया। इसके बाद शीरनी बांटी गई और सभी अपने घरों को लौट गए। वहीं, शीतलापुर गांव में कर्बला के पास स्थित पोखरे पर दरिया वाला बेरहवा त्योहार मनाया गया। यहां मुस्लिम समुदाय की महिलाएं कई तरह के पकवान बनाकर पोखरे के किनारे लाईं। मगरिब की अजान के बाद पोखरे पर फातिहा किया गया। इसके बाद बनाई हुई कश्ती नावों को तैराया गया। बच्चों ने पोखरे में कूदकर नहाया, फिर रोजा खोला गया और दुआएं मांगी गईं। दोनों जगहों पर शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गईं।
































