
श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक में स्थित उल्टाहवा भोलेनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतार लगी है और पूरा माहौल कृष्णमय हो गया है। जन्माष्टमी के मौके पर मंदिर को सजाया गया है। यहां रंग-बिरंगी लाइटें, फूल-मालाएं और झालरें लगाई गई हैं। गर्भगृह के पास भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित झांकी भी सजाई गई है। फूलों से बना एक खास बंगला भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सुबह चार बजे मंगला आरती के साथ मंदिर के दरवाजे खुले और दर्शन शुरू हो गए। भक्त पहले भोलेनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं, फिर श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन चल रहा है। महिलाएं ढोलक-मंजीरे की थाप पर कृष्ण भजन गा रही हैं। “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे भी लग रहे हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे नए कपड़े पहनकर दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति ने भक्तों के लिए पानी और बैठने की अच्छी व्यवस्था की है। पुजारी ने बताया कि रात बारह बजे श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष महाआरती, भोग और प्रसाद बांटा जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में काफी उत्साह है। देर रात तक मंदिर में भीड़ रहने की संभावना है।
Home उत्तर प्रदेश जमुनहा के उल्टाहवा भोलेनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम:श्रावस्ती में सुबह...
































