- देवाशीष शर्मा को 2.26 लाख से अधिक वोट-एआईयूडीएफ के बदरुद्दीन अजमल दूसरे स्थान पर-अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर भी भाजपा का प्रदर्शन चर्चा में
नगांव। असम की नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू हुई। दोपहर 12 बजे तक के रुझानों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्णायक बढ़त बना ली है। वहीं, कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है और पार्टी खिसककर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) दूसरे स्थान पर बनी हुई है।
चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा को अब तक 2,26,491 मत मिले हैं। एआईयूडीएफ के उम्मीदवार मौलाना बदरुद्दीन अजमल 1,49,487 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार शिबामोनी बोरा को 38,437 मत मिले हैं। नोटा के पक्ष में 2,890 वोट दर्ज किए गए हैं।
इस उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस और एआईयूडीएफ समेत कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अंतिम उपलब्ध सूचना तक कुल 4,14,526 मतों की गिनती हो चुकी थी। आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा को 53.22 प्रतिशत, एआईयूडीएफ को 35.13 प्रतिशत और कांग्रेस को 9.03 प्रतिशत वोट मिले हैं। वहीं, 0.68 प्रतिशत मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना है।
नगांव लोकसभा क्षेत्र में कुल आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिनमें से चार अल्पसंख्यक बहुल माने जाते हैं। इस बार के उपचुनाव में इन क्षेत्रों में भी भाजपा का प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है। उपलब्ध रुझानों के अनुसार, अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर भी भाजपा वोट हासिल करने के मामले में पहले या दूसरे स्थान पर रही है।
आमतौर पर इन क्षेत्रों में कांग्रेस या एआईयूडीएफ का प्रदर्शन बेहतर रहता रहा है। ऐसे में कांग्रेस का तीसरे स्थान पर खिसकना चुनावी समीकरणों में अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, मतगणना के अंतिम परिणाम आने के बाद ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी।
“खबर वही, जो सबसे पहले आप तक पहुँचे!
भारत की अपनी खबर, आपके अपने अंदाज़ में
📲 ब्रेकिंग • लोकल • ट्रेंडिंग खबरों के लिए अभी जुड़ें:
👉 https://t.co/g7ivX40QAK“आपकी खबर, आपका MNT”
https://t.co/vwEVHjJMzQ https://t.co/z3JMz4j0Td
— Mnt News Bharat (@mntnewsbharat) October 5, 2026





















