
श्रावस्ती जनपद के सिरसिया विकासखंड क्षेत्र में शुक्रवार रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर गांव-गांव भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। लक्ष्मणपुर बाजार से लेकर गोपालपुरवा, एकघरवा, परसिया राजा और बन्ठिहवा चौराहा समेत आसपास के गांवों में मंदिरों और पूजा स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। जगह-जगह पंडाल और भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। रात 12 बजे कान्हा के जन्म के साथ जन्मोत्सव मनाया जाएगा। लक्ष्मणपुर बाजार में जन्माष्टमी को लेकर काफी रौनक देखी जा रही है। लोगों ने लड्डू गोपाल की प्रतिमाएं, झूले, पूजा सामग्री और सजावट का सामान खरीदा। दुकानदार पंकज शुक्ला ने बताया कि सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रही और सामान की अच्छी बिक्री हुई। लक्ष्मणदास बाबा के स्थान पर भी विशेष तैयारियां की गईं। यहां रात में मूर्तियों की आंखों की पट्टी खोली गई। लक्ष्मणपुर बाजार जन्माष्टमी आयोजन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि भादो की अष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्म के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। महंत धनीराम दास ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्म रात 12 बजे हुआ था। उन्होंने अत्याचार के अंत और धर्म की स्थापना के लिए अवतार लिया था। जन्माष्टमी पर माताएं और बहनें व्रत रखती हैं। कृष्ण की विभिन्न लीलाओं के कारण उन्हें छलिया और माखन चोर जैसे नामों से भी पुकारा जाता है। ग्राम सभा एकघरवा के मजरा गोपालपुरवा में आयोजक राजेंद्र प्रसाद मिश्रा के यहां कई वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत जन्माष्टमी मनाई जाती है। आकर्षक झांकी सजाई गई। पूजा-अर्चना के साथ भजन-कीर्तन होगा। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बबलू मिश्रा, शोनू मिश्रा, रामदास यादव, गिरधारी तिवारी और राधेश्याम मिश्रा उर्फ गल्लर, अनिल कुमार गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे। वहीं, ग्राम सभा एकघरवा स्थित राम-जानकी मंदिर बाबा कुट्टी पर भी भव्य आयोजन की तैयारी की गई है। मंदिर परिसर को सजाया गया और रात आठ बजे से मध्यरात्रि तक भजन-कीर्तन होता रहेगा। रात 12 बजे विधि-विधान से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद रात दो बजे तक संगीतमय कीर्तन होगा। अंत में श्रद्धालुओं को फल, फूल और प्रसाद वितरित किया जाएगा। बन्ठिहवा चौराहे पर रणवीर ट्रेडर्स की ओर से जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य पंडाल लगाया गया है। यहां भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की जा रही है। साथ ही श्रद्धालुओं और लोगों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। पंडाल में जन्माष्टमी को लेकर विशेष सजावट की गई है। ग्राम पंचायत परसिया राजा, जोखवा बाजार और बन्ठिहवा चौराहा समेत सिरसिया क्षेत्र के अन्य गांवों में भी जन्माष्टमी पर पूजा, आरती, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम की तैयारीयां पूरी हो चुकी हैं। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
Home उत्तर प्रदेश सिरसिया में जन्माष्टमी पर गांव-गांव सजे कान्हा के दरबार:लक्ष्मणपुर से गोपालपुरवा तक...
































