BREAKING
खबरें लोड हो रही हैं...
Home लेटेस्ट न्यूज़ इंजेक्शन लगाने के नाम पर पैसे लेने का वीडियो वायरल, जिला अस्पताल...

इंजेक्शन लगाने के नाम पर पैसे लेने का वीडियो वायरल, जिला अस्पताल में हड़कंप

0
4

 

 

फार्मेसिस्ट के.के. शुक्ला पर मरीजों से कथित वसूली का आरोप, सीएमओ ने जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही

 

श्रावस्ती।संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा की इमरजेंसी में तैनात फार्मेसिस्ट के.के. शुक्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो को लेकर आरोप है कि मरीज या तीमारदार से इंजेक्शन लगाने के नाम पर रुपये लिए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि फार्मेसिस्ट के.के. शुक्ला लंबे समय से जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात हैं। उनकी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनाती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं, स्थानीय स्तर पर उन पर पूर्व में भी मरीजों और तीमारदारों से कथित वसूली के आरोप लगाए जाने की चर्चा है।

फार्मेसिस्ट ने दी सफाई

मामले में फार्मेसिस्ट के.के. शुक्ला ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वायरल किया जा रहा वीडियो पुराना है। उनका कहना है कि किसी स्टाफकर्मी ने वीडियो बनाकर वायरल किया है।

सीएमओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए चिकित्सा अधिकारियों की टीम गठित की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वायरल वीडियो की वास्तविकता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मामले को लेकर जिला अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर नजर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here