डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को हुए हादसे का एक चौंकाने वाला डैशकैम वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि एक मिनीबस का संतुलन बिगड़ जाता है और वह फिसलकर सामने वाली लेन में चली जाती है, जहां से एक कंटेनर ट्रक आ रहा था। इसके बाद मिनीबस सीधे उस ट्रक से टकरा जाती है।
बस के डैशकैम में रिकॉर्ड हुई दो सेकंड की क्लिप में एक मिनीबस को बस की ओर तेजी से आते हुए देखा जा सकता है। टक्कर होते ही एक तेज चमक दिखाई देती है। इस हादसे में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई।
मिनीबस पूरी तरह से तबाह
घटनास्थल की तस्वीरों से पता चलता है कि टक्कर के कारण मिनीबस पूरी तरह से तबाह हो गई है। टक्कर के बाद मिनीबस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई यात्री उसमें फंस गए।
वाहन में ज्यादातर छात्र थे सवार
असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा के पास रोंगाजन में यात्रियों से खचाखच भरी एक ट्रैवलर की एक कंटेनर ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। यह हादसा नेशनल हाईवे-715 पर हाथिकुली चाय बागान के पास हुआ। बताया जा रहा है कि वाहन में यात्रा करने वालों में से ज्यादातर छात्र थे, जिनमें कॉलेज के छात्र भी शामिल थे।
मिनीबस पर 10 से ज्यादा ट्रैफिक चालान
आधिकारिक वाहन डेटाबेस रिकॉर्ड के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुई ट्रैवलर मिनीबस पर हादसे से पहले ही 10 से ज्यादा ट्रैफिक चालान काटे जा चुके थे। कुल जुर्माने की राशि में से 38,500 रुपये का भुगतान कर दिया गया था, जबकि 4,000 रुपये का जुर्माना अभी भी बकाया था।
