श्रावस्ती में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने विकासखंड गिलौला की ग्राम पंचायत कुरबेनी और नगर पालिका भिंगा में सर्वा माई मंदिर के घाट का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पूजा स्थलों पर सफाई, सुरक्षा, रोशनी, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। घाटों पर सफाई और पर्याप्त रोशनी का इंतजाम करने के साथ सुरक्षा के जरूरी प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से सभी इंतजाम समय पर पूरे करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने और पूजा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह और नगर पालिका भिंगा की अधिशासी अधिकारी डॉ. अनीता शुक्ला सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।