डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। असम के काजीरंगा के पास रोंगाजन से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है, जहां ट्रक और ट्रैवलर के बीच हुई टक्कर में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई है,जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रैवलर के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने समाचार एजेंसी एएनाई को बताया, ‘हमें शुरुआती रिपोर्ट मिली है कि इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है। हम सभी मौके पर मौजूद हैं और बस से शव निकाले जा रहे हैं, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।’
घायलों को इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया है। इनमें से कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है।
दरअसल, शुक्रवार दोपहर काजीरंगा के पास एक नेशनल हाईवे पर लगभग 40 यात्रियों को ले जा रही एक ट्रैवलर की एक ट्रेलर ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। ट्रैवलर ऊपरी असम के जोरहाट से गुवाहाटी की ओर जा रही थी। यह हादसा नेशनल हाईवे 715 पर कोहोरा रेंज में हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में हुआ।
हादसे के कुछ ही मिनटों बाद मौके पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा ने कहा, ‘प्रशासन ने मुझे बताया है कि इस हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है। मिनी-बस को हुए नुकसान को देखकर लगता है कि वह बहुत तेज रफ्तार में थी।’
