बच्चों का डाटा अपडेट न करने पर कार्रवाई होगी:श्रावस्ती में डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने पोषण योजनाओं की समीक्षा में अधिकारियों को चेताया

0
0

श्रावस्ती के कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने ई-कवच एप पर बच्चों का डाटा समय से अपडेट करने और कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पोषण योजनाओं के काम में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। समीक्षा में पोषण ट्रैकर एप पर एफआरएस (चेहरा पहचान प्रणाली) और दक्षता मापन की फीडिंग कम मिली। डीएम ने सभी सीडीपीओ को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र रोज खोलने और सीडीपीओ व मुख्य सेविकाओं को नियमित निरीक्षण करने को कहा। डीएम ने बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग, आधार सत्यापन, टीएचआर वितरण और घर-घर भ्रमण की प्रगति सुधारने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सैम श्रेणी के बच्चों के प्रबंधन, उनके मैम एवं सामान्य श्रेणी में आने की स्थिति और ई-कवच पर फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा। एफआरएस के जरिए टीएचआर वितरण कम मिलने पर सभी पात्र लाभार्थियों को मानक के अनुसार पोषाहार देने के निर्देश दिए। बैठक का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी ने किया। इसमें मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, जिला विकास अधिकारी रामसमुझ, संबंधित अधिकारी, सीडीपीओ और मुख्य सेविकाएं मौजूद रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here