डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सिंगापुर जाने वाले भारतीय यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. अब आप इन दोनों देशों में अब आप कोई भी सर्विस अपने पसंदीदा UPI एप से सीधे बुक कर सकते हैं और ऑनलाइन पेमेंट भी कर सकते हैं।
दुनिया के इन दो प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा की योजना बना रहे भारतीय यात्री अब करेंसी एक्सचेंज की झंझट के बिना आसानी से बुकिंग और पेमेंट कर सकेंगे। वित्त मंत्रालय के अनुसार यह कदम भारतीय पर्यटकों के लिए यात्रा योजना को और सरल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यहां मिलेगी UPI से पेमेंट की सुविधा
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय शाखा एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने यूएई और सिंगापुर के साथ रणनीतिक साझेदारी का एलान किया था। ये घोषणाएं 29 जुलाई 2026 और 9 सितंबर 2026 को की गई थीं, ताकि ऑनलाइन बुकिंग के लिए यूपीआई का इस्तेमाल संभव हो सके।
यूएई में एनईओपे (NEOPAY) और एम्मार एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी में ‘एट द टॉप, बुर्ज खलीफा’ में यूपीआई से लेन-देन स्वीकार की गई है। सिंगापुर में प्रमुख पेमेंट संस्थान फोमो पे (FOMO Pay) की मदद से यूपीआई स्वीकृति को रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा तक बढ़ाया गया है। सिंगापुर ने 2025 में 1.2 मिलियन भारतीय पर्यटकों का स्वागत किया था।

एट द टॉप, बुर्ज खलीफा और रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा के प्रतिष्ठित आकर्षणों (जिनमें यूनिवर्सल स्टूडियोस सिंगापुर, सिंगापुर ओशनारियम और एडवेंचर कोव वॉटरपार्क शामिल हैं) में ऑनलाइन खरीदारी के लिए यूपीआई का एकीकरण विश्वसनीय क्रॉस-बॉर्डर भुगतान अनुभवों की बढ़ती मांगों को देखते हुए बनाया गया है।
इन 10 देशों में मान्य है UPI
सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका, कंबोडिया और ग्रीस, जिससे भारतीय यात्री विदेश में यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। उज्बेकिस्तान 11वें देश के रूप में शामिल होने के लिए तैयार है।
