बारिश की आशंका में किसान धान काटने में जुटे:श्रावस्ती के सिरसिया क्षेत्र में फसल समेट रहे किसान, शुक्रवार सुबह कई इलाकों में हुई बूंदाबांदी

0
1

श्रावस्ती जनपद में संभावित अर्नब तूफान और भारी बारिश की आशंका ने सिरसिया ब्लॉक क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम खराब होने के अंदेशे के बीच किसान अपनी महीनों की मेहनत से तैयार धान की फसल को सुरक्षित करने में जुट गए हैं। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे क्षेत्र के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इसके बाद सुबह करीब दस बजे तक कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी होती रही। मौसम में बदलाव देखते हुए किसान जल्द से जल्द फसल की कटाई कर उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। बन्ठिहवा, चंगहिया, संग्रामगंज, बकवा और तेलहार समेत दर्जनों गांवों में किसान खेतों में धान काटते नजर आए। कहीं फसल पककर खेतों में खड़ी है तो कहीं कटाई के बाद धान खेतों में ही पड़ा हुआ है। किसानों को डर है कि तेज हवा और बारिश हुई तो उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। किसान मोइनुद्दीन खान ने बताया कि धान की फसल पककर तैयार है। मौसम खराब होने की आशंका को देखते हुए जल्द कटाई कर फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। यार मोहम्मद खान ने बताया कि खेतों में अभी काफी धान खड़ा है। तेज हवा और बारिश होने पर पकी फसल जमीन पर गिर सकती है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा। सूर्य प्रकाश जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह हुई हल्की बारिश और बूंदाबांदी से किसानों की चिंता बढ़ गई है। सभी किसान मौसम साफ रहने की उम्मीद कर रहे हैं। अनीस खान ने बताया कि जिन किसानों ने धान काटकर खेतों में सुखाने के लिए छोड़ रखा है, उनके सामने फसल बचाने की चुनौती है। पानी और नमी से धान के दाने काले पड़ सकते हैं और गुणवत्ता खराब हो सकती है। इमरान ने बताया कि किसान धान की कटाई के साथ पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था भी कर रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र के किसान मौसम पर नजर बनाए हुए हैं। उन्हें डर है कि तेज बारिश और आंधी से खड़ी फसल के साथ खेतों में कटा पड़ा धान भी बर्बाद हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here