कप्तानगंज के गायत्री इंटर कॉलेज में मंगलवार को मनीष मिश्रा ‘मनीष भैया’ का युवा संवाद और क्रिकेट टीम के कप्तानों का कार्यक्रम हुआ। इसमें कप्तानगंज क्षेत्र की कई क्रिकेट टीमों के कप्तान, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। इस दौरान मनीष मिश्रा ने खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए 2 अक्टूबर को कप्तानों और खिलाड़ियों के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपए भेजने की घोषणा की। युवा संवाद के दौरान मनीष मिश्रा ने युवाओं से सीधी बात की और बस्ती के भविष्य पर अपने विचार रखे। उन्होंने अपने ‘बेस टू स्पेस’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि बस्ती के युवाओं को सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनानी होगी। कार्यक्रम में एक युवा ने मंच पर आकर कहा कि ‘बेस टू स्पेस’ अभियान में युवा उनके साथ हैं। उसने कहा कि बस्ती के युवा अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे और इसरो को नासा से भी बेहतर बनाने का सपना देखेंगे। युवा की इस बात पर मौजूद लोगों ने उत्साह दिखाया। मनीष मिश्रा ने बताया कि उनका लक्ष्य बस्ती को ‘बेस से स्पेस’ तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मौके और दिशा देने की जरूरत है। युवा खेल, शिक्षा, तकनीक और उद्यमिता के जरिए अपनी क्षमता दिखा सकते हैं। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था और जीडीपी का जिक्र करते हुए ‘डिस्ट्रिक्ट जीडीपी’ मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को और गति देने के लिए जिलों की स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होना बहुत जरूरी है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में नारे भी लगाए गए। गायत्री इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनीष मिश्रा का स्वागत किया। इस मौके पर ईश्वर दीन, संदीप यादव, शिवम मिश्रा, श्रवण यादव, सौरभ चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य अशोक मिश्रा समेत कई लोग मौजूद थे। विमल पांडेय ने मंच का संचालन किया, जबकि अंकुर शुक्ला ने व्यवस्था संभाली।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ कप्तानगंज में क्रिकेट कप्तानों को मिले 1-1 हजार रुपए:युवा संवाद में 'बेस...





















