बटौरा-जनकपुर की करीब एक किमी सड़क अब तक कच्ची:बागापार के ग्रामीणों ने पक्की सड़क की मांग उठाई; जिलाधिकारी ने विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए

0
3

सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बागापार में बटौरा टोला से जनकपुर तक जाने वाली करीब एक किलोमीटर सड़क अब तक कच्ची है। ग्रामीणों ने पक्की सड़क बनाने की मांग जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के सामने रखी।
बरसात में रास्ते पर कीचड़ और पानी भर जाता है। ऐसे में लोगों को जरूरी काम से घर से निकलने में परेशानी होती है। स्कूली बच्चों को कीचड़ और फिसलन के बीच स्कूल जाना पड़ता है। मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कत होती है।
दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने का खतरा रहता है। बुजुर्गों और महिलाओं को भी इस रास्ते से गुजरने में परेशानी होती है। कई बार ग्रामीणों को लंबा रास्ता लेकर जाना पड़ता है।
यह सड़क बटौरा, किशोरपुर, करनहिया, शिवपुर, कटहरा और बैजनाथपुर समेत आसपास के गांवों को जोड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क वर्षों से कच्ची है और वे इसी रास्ते से आने-जाने को मजबूर हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन के नेतृत्व में दीपक जायसवाल, कमलेश शर्मा, विद्यासागर यादव, संतोष यादव, राकेश चौहान और अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारी से बात कर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here