जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत ने हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आइओआरए) की संस्थागत और वित्तीय क्षमता मजबूत करने के लिए पांच लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 4.2 करोड़ रुपये) के अनुदान की घोषणा की है। यह एलान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में आयोजित आइओआरए के मंत्रिपरिषद की 25वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए किया।
भारत 2025-27 की अवधि के लिए आइओआरए का अध्यक्ष है और उसकी थीम ‘इनोवेशन, ओपननेस, रेजिलिएंस एंड एडाप्टेबिलिटी इन द इंडियन ओशन रीजन’ है।
आइओआरए 1997 में स्थापित एक अंतर-सरकारी संगठन है, जिसका उद्देश्य हिंद महासागर के तटीय देशों के बीच क्षेत्रीय सहयोग, सतत विकास और आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा देना है।
इसके 23 सदस्य देश हैं, जिनमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, ईरान, केन्या, मेडागास्कर, कोमोरोस, फ्रांस, मलेशिया, मालदीव, मारीशस, मोजाम्बिक, ओमान, सेशेल्स, सिंगापुर, सोमालिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात व यमन शामिल हैं।
मौजूदा वैश्विक भू-राजनीतिक उथल-पुथल, समुद्री सुरक्षा चुनौतियों, व्यापार मार्गों की सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से इस संगठन की अहमियत और बढ़ गई है। हिंद महासागर वैश्विक व्यापार और कनेक्टिविटी का प्रमुख मार्ग है।
बैठक में जयशंकर ने कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी और समृद्धि का केंद्र है। यह विविधता, अवसर और साझा चुनौतियों का क्षेत्र भी है। इस क्षेत्र को शांतिपूर्ण, स्थिर और सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भारत के महासागर विजन का जिक्र किया, जो क्षेत्र में सुरक्षा और विकास के लिए समग्र और पारस्परिक उन्नति पर आधारित है।
जयशंकर ने जोर दिया कि महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक बदलावों के दौर में आइओआरए को अपनी सामूहिक आवाज और भूमिका को और मजबूत करना होगा। इसके लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर समन्वय, डायलाग पार्टनर्स के साथ सार्थक और व्यावहारिक सहयोग पर ध्यान देना जरूरी है।
पीएम नरेन्द्र मोदी ने बाद में आइओआरए के सम्मेलन में शामिल 23 देशों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। मोदी ने अपने संदेश में कहा कि वह इन सभी देशों के साथ मिल कर महासागर विजन के लिए काम करने को तत्पर हैं।
समुद्री जहाजों और नाविकों पर हमला अस्वीकार
जयशंकर ने समुद्री जहाजों और नाविकों पर हमलों को ‘बिल्कुल अस्वीकार’ करार दिया और कहा कि इसके लिए वैश्विक प्रतिक्रिया की जरूरत है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून, खासकर संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि (यूएनसीएलओएस) का सम्मान करने की अपील की। आतंकवाद, नशीले पदार्थों का व्यापार, अवैध मछली पकड़ना और जलवायु आपदाओं से निपटने के लिए भी सहयोग बढ़ाने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र अपनी साझा चुनौतियों का सामना करने को विशेष रूप से तैयार है और वैश्विक विकास को गति देने में समुद्री व्यापार की अहम भूमिका है।
सभी देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील
बैठक के बाद जारी दिल्ली कम्यूनिके (दिल्ली घोषणा-पत्र) में सभी देशों ने जहाजों और नाविकों की समुद्री सुरक्षा व सुरक्षा को कमजोर करने पर चिंता जताई और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
मंत्रिपरिषद ने भारत के दो प्रस्तावों को भी मंजूरी दी, गोवा के सीएसआइआर-नेशनल इंस्टीट्यूट आफ ओशनोग्राफी में आइओआरए डिजिटल इनोवेशन हब और गुजरात के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में समुद्री कानून पर उत्कृष्टता केंद्र।
इससे पहले 25-26 नवंबर को वरिष्ठ अधिकारियों की समिति की बैठक हुई थी। समग्र रूप से यह बैठक हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देने वाली साबित हुई है।
यह भी पढ़ें- जयपुर में भाजपा MLA बालमुकुंद आचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज, सेशन जज को धमकाने का आरोप
















