![]()
बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र में पांच साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को एक साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अब तक हत्यारोपी तक नहीं पहुंच सकी है। घटना का राज खोलने के लिए पुलिस ने चार लोगों का गाजियाबाद में लाई डिटेक्टर टेस्ट कराया, लेकिन इससे भी जांच को कोई ठोस सुराग नहीं मिला। जांच के दायरे में आए चारों लोगों से पूछताछ और परीक्षण के बावजूद पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। जांच के दौरान कई संदिग्धों के डीएनए सैंपल भी लिए गए और उनकी जांच कराई गई। इसके बावजूद पुलिस को ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला, जिससे आरोपी तक पहुंचा जा सके। लगातार जांच के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों ने लाई डिटेक्टर टेस्ट कराने का निर्णय लिया। इसी क्रम में 22 सितंबर को पुलिस चार लोगों को लेकर गाजियाबाद पहुंची। वहां 23, 24 और 25 सितंबर को करीब छह-छह घंटे तक उनसे पूछताछ और लाई डिटेक्टर टेस्ट की प्रक्रिया चली। पुलिस को उम्मीद थी कि परीक्षण से घटना से जुड़े अहम तथ्य सामने आएंगे और जांच को नई दिशा मिलेगी। हालांकि, परीक्षण के बाद भी पुलिस को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। एक साल से अधिक समय बीतने के बाद भी पांच साल की बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की गुत्थी नहीं सुलझ सकी है। अब तक की जांच, डीएनए परीक्षण और लाई डिटेक्टर टेस्ट के बावजूद पुलिस के सामने हत्यारोपी तक पहुंचने की चुनौती बनी हुई है। परिवार और क्षेत्र के लोग अब भी मामले के खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।
बच्ची से दुष्कर्म-हत्या का मामला अनसुलझा:बस्ती में लाई डिटेक्टर टेस्ट के बाद भी पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग
और पढ़ें
संबंधित खबरें












































