छठ महापर्व में घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण:सिसवा में तैयारियां तेज, अध्यक्ष प्रतिनिधि ने घाटों का निरीक्षण कर दिए स्वच्छता के निर्देश

0
2

लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर सिसवा नगर पालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण मिल सके, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियों को गति दे दी है। इसी क्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने पोखरा टोला (इस्टेट चौराहा), श्रीराम जानकी मंदिर, सबया, कोठीभार सहित नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गिरजेश जायसवाल ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। घाटों के आसपास फैली गंदगी को पूरी तरह हटाने के साथ ही पूजा स्थलों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा, पवित्रता और लोकमंगल का अनुपम पर्व है। इसमें व्रती महिलाएं कठिन व्रत रखकर भगवान सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना करती हैं। ऐसे में पूजा स्थलों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों पर साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। घाटों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक स्वरूप देने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए, ताकि व्रती महिलाओं को पूजा-अर्चना और अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर पालिका प्रशासन की इस पहल से छठ महापर्व की तैयारियों को गति मिली है। निरीक्षण के दौरान भगवन्त प्रसाद, सत्यनारायण चौहान, अमर जायसवाल सहित अन्य लोग और नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here